शाहाबाद। स्थानीय सहकारी चीनी मिल में बाढ़ से हुए नुकसान की आपूर्ति के लिए केंद्रीय चीनी निदेशालय ने जुलाई मास में शाहाबाद शुगर मिल को 2 लाख क्विंटल अतिरिक्त चीनी बेचने का कोटा जारी किया है। इस अतिरिक्त कोटे से ना केवल गीली हुई चीनी को बचाने में मदद मिलेगी बल्कि घाटे से उबरने में भी सहायता मिलेगी। मिल के एमडी राजीव प्रसाद ने बताया कि 10 जुलाई को मिल में 4 से 5 फुट तक पानी तेजी से बहना शुरू हो गया था जिससे ना केवल मिल के कार्यालय बल्कि रिहायशी कॉलोनी, मिल परिसर, चीनी गोदाम और एथनॉल प्लांट के अंदर भारी मात्रा में जलभराव होने से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
ऐसे में मिल प्रबंधक समिति ने शुगर स्टॉक को अन्य स्थान पर ट्रांसफर करने का निर्णय लिया। लेकिन यह कवायद अत्यंत खर्चीली होने के कारण अन्य विकल्पों पर विचार किया गया और केंद्रीय निदेशालय से अतिरिक्त कोटा जारी करने का आग्रह किया गया। मिल की परिस्थिति को देखते हुए शुगर निदेशालय ने 2 लाख क्विंटल अतिरिक्त चीनी बेचने का कोटा जारी कर दिया। मिल प्रबंधन ने इस पर कार्रवाई भी शुरू कर दी और 18 जुलाई को 30 हजार क्विंटल चीनी की बिक्री भी की। इस अवसर पर मिल के सीएओ दीपक खटोड़, सेल्स मैनेजर राजीव धीमान, मनीष अग्रवाल सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।