किराएदार, घरेलू/दुकान पर रखे जाने वाले नौकर की पुलिस वेरिफिकेशन जरूरी, नहीं तो होगी कार्रवाईः जशनदीप सिंह रंधावा
न्यूज डेक्स संवाददाता
अंबाला। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने लोगों से अपील कर कहा है कि किराएदारों, घरेलू/दुकान पर रखे जाने वाले नौकर की वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। उनकी पूरी जानकारी पुलिस के पास होनी चाहिए। कुछ शरारती तत्व बाहर से आकर किराए पर रहने लग जाते हैं या घरेलू/दुकान पर नौकरी करने लग जाते है और वारदात को अंजाम देकर भाग जाते हैं। इसके बाद उनकी जानकारी नहीं मिल पाती है। इस कारण ऐसे व्यक्तियों की पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। एसपी ने यह भी कहा कि मकान/दुकान मालिक की सबसे पहले अहम जिम्मेवारी यही होती है कि जिस व्यक्ति को वह किराए पर अपना मकान दे रहे हैं या नौकरी पर रख रहे है।
उस व्यक्ति की पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं, क्योंकि किराये पर रहने वाला व्यक्ति या दुकान/मकान पर नौकरी करने वाले व्यक्ति उसी पते पर अपना पहचान पत्र इत्यादि बनवा लेते हैं। उस व्यक्ति का पिछला रिकॉर्ड नहीं मिल पाता है। इसलिए ऐसी लापरवाही ना करें। मकान/दुकान मालिक किराए पर मकान देने व नौकर रखने के चक्कर में किसी मुसीबत में ना फंस जाएं। एसपी ने बताया कि मकान/दुकान मालिक किराएदारों/नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन जल्द से जल्द नजदीकी पुलिस स्टेशन में करवाएं। अगर मकान/दुकान मालिक के द्वारा किराएदार/नौकर की वेरिफिकेशन के संबंध में लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।