सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने किया खानपुर कोलियां बैंठन नाला का निरीक्षण
शहर की तरफ आने वाले पानी को किया जाएगा डायवर्ट
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि कुरुक्षेत्र शहर की तरफ आने वाले बैंठन नाला सहित एक अन्य नाला को डायवर्ट किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड की तरफ से योजना तैयार की जा रही है। इस योजना को जल्द अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार के पास प्रस्ताव अंतिम अनुमति के लिए भेजा जाएगा। बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच शनिवार को खानपुर और गांव मसाना के पास बैंठन नाला का निरीक्षण करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, बोर्ड के अधीक्षण अभियंता अरविंद कौशिक सहित अन्य अधिकारियों ने बैंठन नाला का निरीक्षण किया।
बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच ने कहा कि बैंठन नाला पिपली सरस्वती नदी तक 3 से 5 हजार क्यूसिक पानी ले कर आता है। यह बैठन नाला अंबाला जिला के तंदवाल गांव से मारकंडा से कुरुक्षेत्र जिला के गांव डाडलू-पाडलू, शहाबाद से होते हुए खानपुर कोलियां से होता हुआ पिपली सरस्वती नदी में मिलता है। इस नाला का पानी बाढ़ का मुख्य कारण बना है। यह नाला वर्ष 2008 में बना था। उन्होंने कहा कि बोर्ड की तरफ से योजना तैयार की है कि नाला को खानपुर से सीधा एसवाईएल तक ले जाया जाएगाा। इस क्षेत्र में दो नाला है। इसका पानी भी डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा इन नाला के पानी को कृषि के लिए भी प्रयोग किया जाएगा।