कच्चे तेल की कीमत कम होने के बाद भी बढ़ती महंगाई में जनता को राहत नहीं : किरण चौधरी
न्यूज डेक्स संवाददाता
भिवानी। कांग्रेस की दिग्गज नेता व पूर्व केबिनेट मंत्री किरण चौधरी ने आज हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम को लेकर तोशाम विधानसभा क्षेत्र के गांव बापोड़ा, ढाणी बीरण, कोहाड़, ढाणी माहु, आलमपुर, थिलोड़, हेतमपुरा आदि का दौरा किया। इस दौरान भाजपा के उमेद सिंह शर्मा, पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह यादव, राजेश फौजी, विकास प्रजापत, गुलाब सिंह धत्तरवाल, महेंद्र धानक, दत्ता, बबली, अनित, जगसीर पूर्व सरपंच, चंदगीराम, राजेंद्र, सत्यवान, मामन सिंह तंवर, मास्टर रमेश तंवर समेत अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने साथियों सहित अपनी पार्टी छोड़ किरण चौधरी की अगुवाई में कांग्रेस का दामन थामा। किरण चौधरी ने कहा कि सबको पार्टी में पूरा मान सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों का रुझान है उससे साफ है कि गठबंधन सरकार जाने वाली है और कांग्रेस प्रचंड बहुमत से आ रही है।
ग्रामीण सभाओं को संबोधित करते हुए किरण चौधरी ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण आम जनमानस को गुजर बसर करना मुश्किल हो गया है। गरीब और मध्यम वर्ग की बजाए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान अपने चेहते महापूंजीपतियों को और संपन्न बनाने पर लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2011 में यूपीए सरकार के समय कच्चे तेल की कीमत जब अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में 115 डॉलर प्रति बैरल थी और पेट्रोल के दाम उस वक्त करीब 58 रुपए और डीजल के दाम 41 रुपए थे। आज कच्चे तेल की कीमत 74 डॉलर प्रति बैरल से भी कम है उसके बाद भी पेट्रोल 97.32 रुपए और डीजल 90.18 रुपए प्रति लीटर के भाव मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो भारी भरकम एक्साइज और वेट थोप रखा है उसमें कमी करके जनता को राहत देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर का जनसंवाद कार्यक्रम महज दिखावा है। सिर्फ चिह्नित लोगों को आगे जाने दिया जाता है। जनता इस ड्रामे को भलीभांति समझ गई है। उन्होंने कहा कि जलभराव से कई गांवों में किसानों की खड़ी फसल नष्ट हो गई है वहीं शहर पानी की मार से अछूते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों का विश्वास खो चुकी है। उनके अनुसार परिवार पहचान पत्र महज परेशानी पहचान पत्र बनकर रह गया है। यही हाल प्रॉपर्टी आईडी का है। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी से युवाओं में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2024 में होने वाले चुनावों में जनता इन सबका बदला जरुर लेगी।