बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए
न्यूज डेक्स संवाददाता

कुरुक्षेत्र। देशभर में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष एवं श्री जयराम शिक्षण संस्थान के चेयरमैन ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से श्रीमती केसरी देवी लोहिया जयराम पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक एस. एन. गुप्ता, सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या सुदेश रावल, जयराम महिला पॉलिटेक्निक की प्राचार्या मनप्रीत, जयराम बी.एड. कालेज प्राचार्या डा. प्रतिभा श्योकंद एवं स्कूल प्रिंसिपल अंजू अग्रवाल विद्यार्थियों द्वारा बजाए गए बैगपाइप बैंड की मधुर धुन के साथ समारोह में मौजूद रहे।
स्कूल के छात्रों सनी और मयंक द्वारा बनाए गए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के मॉडल पर एस.एन. गुप्ता ने तिरंगा फहराया। सभी बच्चों व स्टाफ ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। नन्हे मुन्ने बच्चों ने असी फौजी पुत्त कहां दे हां, तेरी मिट्टी में मिल जावा और पंजाबी बोलियां पर समूह नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियां दी। स्कूल छात्रों ने योग और नृत्य के अनोखे संगम से सजा हुआ रिंग समूह नृत्य प्रस्तुत किया। संगीत अध्यापक घनश्याम एवं विद्यार्थियों के लक्ष्य न ओझल होने पाए समूह गीत से सभी मंत्रमुग्ध हुए। गुप्ता ने कहा कि जो देश अपने संस्कारों को भूल जाता है उसे गुलामी स्वीकार करनी पड़ती है। भारत की गुलामी का कारण भी यही था लेकिन शहीदों की शहादत की बदौलत आज हम आजादी की हवा में सांस ले पा रहे हैं।