हरियाणा पूर्वी तथा दक्षिणी अफ्रीकी देशों के साथ राजनयिक संबंधों को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग व सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध – मुख्यमंत्री मनोहर लाल
जब हम एक-दूसरे को न केवल सांझेदार के रूप में, बल्कि मित्र के रूप में देखते हैं, तो सहयोग की संभावनाएं असीमित हो जाती हैं- मुख्यमंत्री
न केवल राजनयिक संबंध, बल्कि दिल से दिल का संबंध स्थापित करने के लक्ष्य पर हमें बल देना है- मनोहर लाल
अफ्रीका देशों की महिला राजदूतों एवं उच्चायुकतों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बांधी राखी
न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। हरियाणा पूर्वी और दक्षिण अफ्रीकी देशों के साथ आर्थिक सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना चाहता है। इस ओर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गत देर सायं नई दिल्ली में पूर्वी और दक्षिण अफ्रीकी देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और दूतावास के अधिकारियों के लिए आयोजित रात्रिभोज कार्यक्रम की मेजबानी करने के दौरान इशारा किया। इस रात्रिभोज कार्यक्रम में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों व पदाधिकारियों और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
रात्रिभोज कार्यक्रम में तंजानिया, केन्या, युगांडा, रवांडा, बुरुंडी, लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो, दक्षिण सूडान, जिबूती, इरिट्रिया, इथियोपिया, मलावी, सेशेल्स, मॉरीशस, जाम्बिया, बोत्सवाना, नामीबिया, मेडागास्कर, जिम्बाब्वे के राजदूत, उच्चायुक्त और दूतावासों के अधिकारी पहुंचे। इस रात्रिभोज में विदेश मंत्रालय और हरियाणा सरकार के अधिकारियों के साथ-साथ अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मौजूद महिला राजदूतों और उच्चायुक्तों ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने रक्षा बंधन त्योहार के महत्व का उल्लेख किया और कहा कि यह शायद पहली बार है जब किसी भारतीय राज्य के मुख्यमंत्री ने विदेशी राजदूतों के साथ राखी के धागे से संबंध जोड़ा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा और पूर्वी तथा दक्षिण अफ्रीकी देशों के बीचराजनयिक संबंधों को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि न केवल राजनयिक संबंध, बल्कि दिल से दिल का संबंध स्थापित करने के लक्ष्य पर हमें बल देना है। श्री मनोहर लाल ने कहा कि जब हम एक-दूसरे को न केवल साझेदार के रूप में, बल्कि मित्र के रूप में देखते हैं, तो सहयोग की संभावनाएँ असीमित हो जाती हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ने विदेशी सहयोग विभाग (एफसीडी) के माध्यम से अपनी वैश्विक उपस्थिति स्थापित करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। एफसीडी को अंतरराष्ट्रीय संबंधों को बढ़ावा देने, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और दुनिया भर में हरियाणवी प्रवासी का समर्थन करने का काम सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि एफसीडी ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से 28-29 अक्टूबर, 2021 को चंडीगढ़ में हरियाणा अफ्रीका कॉन्क्लेव सीरीज़ 1 का आयोजन किया, जिसमें इरिट्रिया, इथियोपिया, घाना, केन्या, मेडागास्कर, मलावी, मोज़ाम्बिक, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, युगांडा और ज़िम्बाब्वे सहित 12 अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि एक साथ शामिल हुए। यह अफ्रीकी देशों के साथ जुड़ने का एक उल्लेखनीय प्रयास है और कॉन्क्लेव के बाद के वर्षों में, एफसीडी ने अपने प्रयास जारी रखे।
ग़ौरतलब है कि अफ्रीका के साथ गहरे संबंध बनाने के प्रत्याशों के साथ हरियाणा का विदेश सहयोग विभाग अफ्रीकी क्षेत्र के अन्य देशों के साथ सक्रिय रूप से हरियाणा के मुख्यमंत्री के ‘‘ट्रांसफॉर्मिंग हरियाणा थरू ए गो ग्लोबल एपरोच’’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए संभावित क्षेत्रों की खोज में लगा हुआ है।