न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 1 दिसंबर। केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन करने के लिए कुरुक्षेत्र से एक जत्था रवाना हुआ। इस जत्थे को शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता कवलजीत सिंह अजराना ने रवाना किया। अजराना ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों को बर्बाद करने के लिए यह कानून बनाए हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की ताकत के आगे कोई भी सरकार टिक नहीं सकती। सरकार को अपने यह कानून वापिस लेने ही होंगे।
उन्होंने कहा कि जिन कानूनों को किसान नहीं चाहते, उन्हें लागू करने के लिए जबरदस्ती करना सरकार को भारी पड़ेगा। अजराना ने कहा कि यह मोर्चा फतेह करने के बाद भी किसान अपने-अपने घरों को लौटेंगे। इस दौरान श्री अकाल उस्तत चैरिटेबल ट्रस्ट कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष ज्ञानी तेजपाल सिंह ने कहा कि जिस भी सरकार ने किसानों की अनदेखी की है, उसे चुनाव में खमियाजा भुगतना पड़ा है। इसका ताजा उदाहरण बड़ौदा उपचुनाव भी देखने को मिला है। इसलिए मोदी सरकार को सबक लेते हुए यह कानून वापिस लेने चाहिए।
गुरुद्वारा श्री बैकुंठधाम सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन लखविंदर सिंह संधू ने भी केंद्र सरकार से इन बिलों को वापिस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार का यह तानाशाही रवैया है,लेकिन किसान इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों ने अपनी ताकत का नमूना दिखा दिया है, यदि अभी भी सरकार ने किसानों की मांग नहीं मानी, तो फिर उसे इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर हरपिंदर सिंह विर्क सहित अन्य मौजूद रहे।