न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। बीएएमएस में प्रवेश हेतु श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय द्वारा कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के निर्देशानुसार तीसरे दौर का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। अभ्यार्थी 19 अक्टूबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं, जो 21 अक्टूबर सायं 05 बजे तक चलेंगे। ड्राफ्ट एंड काउंसलिंग कमेटी के संयोजक प्रो. वैद्य. शंभू दयाल ने बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं सर्जरी (बीएएमएस) में दाखिला प्रक्रिया जारी है। दूसरे दौर के बाद तीसरे राउंड का शेड्यूल जारी किया गया है। सीटों का अंतिम आवंटन 25 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों को दस्तावेज सत्यापन, ऑनलाइन फीस जमा करने और संबंधित शिक्षण संस्थान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए 24 से 30 अक्टूबर तक का समय दिया गया है।