अब तक 18 लोग नप में जमा करवा चुके है मालिक बनने के लिए आवेदन
कलैक्टर रेट पर नप किराएदार को बेचेगी दुकान
इच्छुक व्यक्ति नप कार्यालय में जमा करवा सकता है आवेदन
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र 2 दिसम्बर। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि नगर परिषद की दुकानों में 20 सालों से किराए पर रहने वाले लोगों के लिए दुकानों के मालिक बनने का एक अवसर सरकार की तरफ से दिया गया है। ऐसे किराएदारों को नगर परिषद कलैक्टर रेट पर दुकान बेचेंगी। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति को नगर परिषद के पास आवेदन करना होगा। विधायक सुभाष सुधा ने आज यहां बातचीत करते हुए कहा कि नगर परिषद थानेसर में जो व्यक्ति 20 सालों से नप की दुकानों में किराएदार है और यह 20 साल 16 अगस्त 2018 को पूरे हो गए है, वह व्यक्ति दुकान का मालिक बनने के लिए नगर परिषद के पास अपना आवेदन जमा करवा सकता है।
इस शहर में करीब 200 से ज्यादा ऐसी दुकाने है, जहां पर किराएदार 20 सालों से रह रहे है। नगर परिषद के पास अब तक 18 लोग अपना आवेदन जमा करवा चुके है। अभी भी जो व्यक्ति दुकान का मालिक बनना चाहता है, वह व्यक्ति अपना आवेदन नगर परिषद के पास जमा करवा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की तरफ से इस विषय को लेकर एक कमेटी का भी गठन किया गया है। इस कमेटी के समक्ष सभी आवेदन रखे जाएंगे और योग्य प्रार्थी को कलैक्टर रेट पर दुकान नगर परिषद की तरफ से बेच दी जाएगी। जो व्यक्ति किराए पर ही रहना चाहता है, वह किराए पर ही रह सकता है, लेकिन नप समय-समय पर नियमानुसार किराए में बढौतरी भी करेगी।