सिख समाज ने पुलिस को दी लिखित शिकायत, धार्मिक भावनाएं भड़काने का लगाया आरोप
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,4 दिसंबर। सोशल मीडिया पर सिख धर्म, गुरु साहिबान, सिख समाज और किसानों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी और अपशब्द लिखने का मामला प्रकाश में आया है। सिख समाज की ओर से इस बारे में लिखित शिकायत पुलिस प्रशासन को सौंपी गई हैं। शिकायत में सिख संगत ने सेक्टर-13 कुरुक्षेत्र निवासी राजेश बंसल पर आरोप लगाया है कि उसने फेसबुक पर सिख धर्म व किसानों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी है।
शिकायत के मुताबिक राजेश बंसल अपनी फेसबुक आईडी पर सिख धर्म, गुरु साहिबान, सिख समाज और किसानों के बारे में आपत्तिजनक पोस्टें, गलत शब्द और गाली-गलौच का प्रयोग करते हुए धमकियां भी दे रहा हैं। इससे सिख समाज का अपमान हुआ है और समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। आरोपी धार्मिक भावनाओं को भड़का कर आपसी भाईचारा खराब करने का प्रयास कर रहा है।
शिकायत के अनुसार सिख समाज के गणमान्यजनों ने राजेश बंसल के मौहल्लावासियों के आग्रह पर शुक्रवार को उसे समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन उसके बर्ताव में कोई बदलाव नहीं आया। शिकायत के मुताबिक राजेश बंसल कुछ साथियों की शह पर यह सब कर रहा है। इसके साथी फेसबुक पर लगातार उसे उकसा रहे हैं। फेसबुक पर उसके एक साथी जितेंद्र कलौटा ने तो यहां तक टिप्पणी की है कि इनको तो बम से उड़ा कर इनके बाल काट दिए थे, वो सही हुआ था।
इसके अलावा राजेश बंसल के कई साथी इसको हथियार देने की बात भी फेसबुक पर लिख रहे हैं। सिख समाज ने पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत देकर मांग की है कि आरोपी राजेश बंसल और उसे उकसाने वाले अन्य साथियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में आपसी भाईचारा व सौहार्द बना रहे।
इस मौके पर सिख परिवार हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष कवलजीत सिंह अजराना, अकाल उस्तत चैरिटेबल ट्रस्ट कुरुक्षेत्र के चेयरमैन ज्ञानी तेजपाल सिंह, शिरोमणि अकाली दल कुरुक्षेत्र के शहरी जिलाध्यक्ष तजिंदर सिंह मक्कड़, हरकीरत सिंह, अमनदीप सिंह, नोनी मक्कड़, गुरदीप सिंह, रिशू पिपली, शंटी, अमरजीत सिंह, बलबीर सिंह, जसबीर सिंह व करनैल सिंह सहित सिख समाज के गणमान्यजन मौजूद रहे। उधर थाना शहर थानेसर प्रभारी प्रतीक कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ सिख समाज की ओर से धार्मिक भावनाओं को भड़काने संबंधी लिखित शिकायत उन्हें मिल गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के ढुलमुल रवैये से असामाजिक तत्वों के हौंसले बुलंद : अजराना
शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता कवलजीत सिंह अजराना ने आरोप लगाया कि प्रशासन के ढुलमुल रवैये के कारण सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले निरंतर जारी हैं। हालांकि सिख समाज इस संबंधी शांति का परिचय देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने और उन्हें सजा दिलवाने के लिए कानून का सहारा लेता रहा है। मगर आरोपियों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई न होने के कारण उनके हौंसले बुलंद हैं। नतीजन सिख समाज आए दिन ऐसे असामाजिक तत्वों की औछी हरकतों का शिकार हो रहा है। अब संगत के सब्र का प्याला भर चुका है। श्री अकाल उस्तत चैरिटेबल ट्रस्ट कुरुक्षेत्र के चेयरमैन ज्ञानी तेजपाल सिंह ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सेवा कार्यों और लंगर वितरण में विश्व भर में ख्याति प्राप्त कर चुके सिख समाज के हौंसले पस्त करने के लिए शरारती तत्व ऐसी हरकतें कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे विघ्टनकारी तत्वों को चेतावनी दी कि वे अपनी हरकतों से बाज आएं, अन्यथा सिख समाज को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। सिख नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार न किया गया, तो सिख समाज एक आपात बैठक बुला कर आगामी रणनीति पर विचार करेगा।