Home haryana  हरियाणा पुलिस अकादमी और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के बीच एमओयू

 हरियाणा पुलिस अकादमी और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के बीच एमओयू

by ND HINDUSTAN
0 comment

पुलिस प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को लेकर हुआ है एमओयू

समझौते के अनुसार हरियाणा पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को लेकर सार्थक कदम उठाए जाएंगे

न्यूज डेक्स संवाददाता

चंडीगढ़। हरियाणा पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को लेकर हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन तथा राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय गुजरात के बीच एम.ओ.यू. (समझौता ज्ञापन) साइन किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग तथा विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। हरियाणा पुलिस की ओर से प्रारूप समिति के अध्यक्ष एवं हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ सी.एस. राव, हरियाणा पुलिस मुख्यालय से महानिरीक्षक प्रशासन संजय कुमार तथा एफ.एस.एल., मधुबन के उप-निदेशक अरविंद हुड्डा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जबकि राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार डॉ. शिशिर कुमार गुप्ता, निदेशक कोमोडोर मनोज भट्ट (सेवानिवृत) तथा नोडल अधिकारी रघुनाथन ने हस्ताक्षर किए। समझौता ज्ञापन के प्रारूप को हरियाणा सरकार द्वारा मंजूरी प्रदान की गई थी। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के साथ ही हरियाणा पुलिस देश की उन चुनिंदा पुलिस बलों में शामिल हो गई है जो राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के साथ जुड़े हैं।

समझौता ज्ञापन की पृष्ठ भूमि के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा 2020 में राज्य व केन्द्र शासित पुलिस बलों में शिक्षा व प्रशिक्षण क्षमताओं को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। इसी श्रृंखला में आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में क्षमता निर्माण व तकनीकी मार्गदर्शन को लेकर राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय व राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय से संबद्धता करते हुए इन विश्वविद्यालयों की विशेषज्ञता का उपयोग करने की सार्थक पहल की गई है।

पुलिस महानिदेशक द्वारा राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय से सहयोग और समझौता ज्ञापन तैयार करने की दिशा में कार्यवाही के लिए हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक, डॉ. सी.एस. राव की अध्यक्षता में महानिरीक्षक प्रशासन संजय कुमार तथा एफ.एस.एल. के उप-निदेशक अरविंद हुड्डा की सदस्यता वाली समिति का गठन किया गया। समिति द्वारा राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ गहन विचार-विमर्श करके समझौता ज्ञापन का अंतिम प्रारूप तैयार किया गया जिसे हरियाणा सरकार को भेजकर मंजूरी प्राप्त की गई। दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाने के साथ ही यह समझौता आज से पांच वर्ष के लिए प्रभावी हो गया जिसे भविष्य में आवश्यकता अनुरूप आगे भी बढ़ाया जा सकता है।


इस समझौते से दोनों संस्थानो में परस्पर लाभ के लिए शिक्षा, अनुसंधान, विस्तार, और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के क्षेत्र में सहयोग और संसाधनों को साझा करने के लिए सहमति हुई है। इसके साथ ही समझौते के अनुसार दोनों संस्थानों द्वारा शैक्षणिक कार्यक्रमों को इस प्रकार से डिजाइन किया जाएगा ताकि पुलिसकर्मियों का कौशल और प्रशिक्षण अपग्रेड हो और सुरक्षा और अनुसंधान के साथ नवाचार को प्रोत्साहन मिले। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के तत्वाधान में बनाई गई विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा आरंभ करने के लिए राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की विशेषज्ञता के साथ तालमेल स्थापित करना इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य है।

इस अवसर पर अकादमी की ओर से राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर हरियाणा पुलिस अकादमी की महानिरीक्षक डॉ. राजश्री सिंह, पुलिस अधीक्षक पुष्पा, जिला न्यायवादी डॉ. सोहन सिंह, डी.डी.ए. अनीता रानी, डी.डी.ए. सुरेन्द्र सिंह, डी.एस.पी. भारत भूषण, डी.एस.पी. रतनदीप बाली व प्रदीप कुमार भी उपस्थित रहे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?