रंगारंग कार्यक्रम में हरियाणवी नृत्य से कलाकारों ने छोड़ी अनूठी छाप
ए मेरी छन्न पछेली हाथां मां चांदी की गुट्ठी
हरियाणवी, राजस्थानी और कत्थक नृत्य से सजी कला परिषद की सांस्कृतिक संध्या
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,12 दिसंबर। हरियाणा कला परिषद द्वारा प्रत्येक सप्ताह आयोजित किए जा रहे आनलाईन कार्यक्रमों की कड़ी में अलग-अलग नृत्यों से सजा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के सूत्रधान कला परिषद के मीडिया प्रभारी विकास शर्मा रहे। कुरुक्षेत्र के कलाकारों की प्रतिभा से सजे रंगारंग कार्यक्रम के लिए हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय भसीन ने कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा कला परिषद् आनलाईन कार्यक्रमों के द्वारा प्रदेश में सांस्कृतिक बयार लाने में मुख्य भूमिका निभा रहा है।
कोरोना महामारी के दौरान जहां कलाकारों के लिए मंच मिलना असम्भव हो गया था, वहीं हरियाणा कला परिषद का प्रयास प्रदेश के कलाकारों के लिए संजीवनी का कार्य कर रहा है। रंगारंग कार्यक्रम में कलाकारों ने अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कला को बढ़ावा देते हुए रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम का आगाज न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप के कलाकारों द्वारा तैयार नृत्य नाटिका कृष्ण से कुरुक्षेत्र तक से हुआ।
विकास शर्मा के निर्देशन में कलाकारों ने भगवान कृष्ण के जन्म से लेकर गीता उपदेश तक के वृतांत को अभिनय और संगीत के माध्यम बखूबी प्रस्तुत किया। अगली प्रस्तुति सुरभि काठपाल की रही, जिसमें कत्थक नृत्य के माध्यम से सुरभि ने दुर्गा के नौ रुपों का दर्शन कराया। इसके अलावा साहिल मैहला, भूमि तथा पंखुड़ी ने हरियाणवी नृत्य की एकल प्रस्तुतियां देकर सभी का मनोंरजन किया। खटकगी कालेज की छोरी, ए मेरी छन्न पछेली हाथां मां चांदी की गुट्ठी और मन्ने बुलावे था छोरा बांगर का जैसे गीतों में कलाकारों ने हरियाणा की झलक दिखाई।
वहीं अंजली नूर शर्मा द्वारा होलिया में उड़े रे गुलाल गीत पर प्रस्तुत राजस्थानी नृत्य ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगाए। अलग-अलग विधाओं की प्रस्तुतियों के संगम में अंतिम प्रस्तुति एफ 2 ब्वायज ग्रुप के कलाकारों की रही, जिसमें छाउ नृत्य प्रस्तुत करते हुए फयुजन दिखाया गया। रंगारंग कार्यक्रम में पार्थ, संदेश खन्ना, प्रियाशुं बंसल, धीरज भाटिया, धर्मबीर, विशाल, नितिन गुप्ता, चंचल शर्मा, समरदीप कौर, शिवम राजपूत, बबनदीप, शिवम, आकाश, रोहित, सैम आदि कलाकारों की प्रस्तुतियां बेहतरीन रही। मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने बताया कि आनलाईन कार्यक्रमों में आगामी सप्ताह ग़ज़ल संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गायिका रोली बरुआ अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरेंगी।