गुदगुदी जंक्शन समूह के स्वास्थ्य संजीवनी ग्रुप का पहला मैडिकल कैंप, 81 मरीज जांचे
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। गुदगुदी जंक्शन समूह कुरुक्षेत्र के तत्वाधान में वीरवार सांय शिरडी सांई मंदिर में पहला नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। जानकारी देते हुए स्वास्थ्य संजीवनी ग्रुप के संयुक्त प्रभारी गुलशन ग्रोवर ने बताया कि यह कैंप गुदगुदी जंक्शन समूह के हैल्थ ग्रुप “स्वास्थ्य संजीवनी” के प्रथम स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। श्री शिरडी सांई सेवा संघ के सहयोग से करवाए गए इस शिविर में कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ डा.ऋषिपाल गुप्ता, नेत्र रोग विशेषज्ञ, डा.मनीष कुकरेजा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा.उपासना मेहता, बाल रोग विशेषज्ञ डा.अजय शर्मा, सामान्य रोग विशेषज्ञ डा.सुरेंद्र सहाय, कॉडियोलोजिस्ट डा.बृजनंदन मिश्रा और लैब टेक्निशियन राजीव कुमार ने विभिन्न रोगों के 81 मरीजों की जांच करके मुफ्त दवाईयां प्रदान की। साथ ही बीमारी बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
इस कैंप में दूर दूर से आए मरीज लाभान्वित हुए, जिनकी हैल्थ रिपोर्ट भी देखी गई। कैंप का शुभारंभ श्री शिरडी सांई सेवा संघ के प्रधान एवं स्वास्थ्य संजीवनी ग्रुप प्रभारी डा.विजय शर्मा, गुदगुदी जंक्शन समूह के संस्थापक अध्यक्ष चंद्रमौली गौड़, संरक्षक जितेंद्र बंसल एवं आमंत्रित चिकित्सकों ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। मंदिर प्रशासन की ओर से सभी चिकित्सकों एवं सहयोगियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। डा.विजय शर्मा ने कहा कि आज के समय में शरीर की देखभाल बहुत आवश्यक है। मानव शरीर में रोग उत्पन्न होने का मुख्य कारण हमारा असंतुलित खानपान और रहन सहन है। पौष्टिक आहार, उचित निद्रा, नियमित व्यायाम और योग से ही मनुष्य अच्छी सेहत प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने बच्चों से विशेष आग्रह किया कि वे फास्ट फूड और तले हुए खाद्य पदार्थों से बचें। संरक्षक जितेंद्र बंसल ने बताया कि स्वास्थ्य संजीवनी ग्रुप द्वारा रक्तदान शिविर, आंखों का आॅपरेशन कैंप और हृदयरोग जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। साथ ही योग की कक्षाएं लगाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। इस अवसर पर मंदिर की ओर से 20 जरूरतमंद बच्चों को गर्म जैकेट वितरित की गई। कैंप में श्री खाटू श्याम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य शंभु प्रसाद, श्रीखाटू श्याम परिवार सेवा समिति के महासचिव रमेश शर्मा, अरुण गौड़, अमरजीत पांचाल, तिलकराज राठौर, बृजमोहन गुप्ता, राकेश आहुजा, जयभगवान, नीना गुप्ता, प्रीती भाटिया और मिथिलेश गुप्ता आदि ने सहयोग दिया।