सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच ने किया पिपली सरस्वती चैनल का दौरा
ग्राम पंचायतों से की अपील सरस्वती चैनल में ना डाले गंदा पानी
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,14 दिसंबर। हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच ने कहा कि पिपली सरस्वती चैनल में गंदे पानी की निकासी को रोकने के लिए योजना तैयार की जा रही है। इस योजना को लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है कि गंदे पानी को अंडर ग्राउंड तरीके से एसटीपी तक ले जाया जाए या फिर थ्री पौंड सिस्टम बनाया जाए। बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच सोमवार को पिपली सरस्वती चैनल का निरीक्षण करने के दौरान अधिकारियों और पंचायत के प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे।
इससे पहले उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच, जिला परिषद की उपाध्यक्ष परमजीत कौर कश्यप, एसई अरविन्द्र शर्मा कौशिक, एक्सईन सत्यवीर, बीड़ पिपली से साहब सिंह, गोल्डी, बलबीर राणा, सरंपच दीनेश कुमार, सरपंच गुरमीत सिंह, पंच मानक सिंह, विपिन ने पिपली में सरस्वती चैनल में जा रहे गंदे पानी को चैक किया। उपाध्यक्ष ने कहा कि सरस्वती चैनल पिपली पर एक बेहद आकर्षक और बड़ा प्रोजैक्ट बनाने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है ताकि इस स्थल को पर्यटक स्थल के रुप में विकसित किया जा सके। यह तभी सम्भव हो पाएगा, जब सरस्वती चैनल में ग्रामीण क्षेत्रों के गंदे पानी की निकासी को रोका जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरस्वती चैनल में गंदे पानी की निकासी को रोकने के लिए तकनीकी अधिकारियों द्वारा काम किया जा रहा है। इन अधिकारियों से विचार विमर्श करने के उपरांत योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इसके लिए सबसे पहले ग्राम पंचायतों को थ्री पौंड सिस्टम गांव में तैयार करने होंगे ताकि गांव में ही गंदे पानी को साफ किया जा सके और इस पानी का कृषि के लिए उपयोग किया जा सके। इससे पानी की बचत होगी और सरस्वती चैनल में भी गंदा पानी नहीं आएगा। इसके लिए गांव के सरपंच को आगे आकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी और इन कार्यों के लिए सरकार की तरफ से भी हर सम्भव सहयोग किया जाएगा।