न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 31 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। पर्यटन एवं होटल संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों में 7 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पर्यटन एवं होटल संस्थान के निदेशक प्रो. एसएस बूरा ने कहा कि पर्यटन एवं होटल के क्षेत्र में करियर के साथ-साथ स्वरोजगार के अच्छे अवसर हैं। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर बनने के लिए पर्यटन एवं होटल मैनेजमेंट क्षेत्र में हैं अपार सम्भावनाएं है। उन्होंने बताया कि पर्यटन एवं होटल संस्थान के बीएचएमसिटी 60, एमएचएमसिटी की 35 एवं एमटीटीएम की 40 सीटों के लिए विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। बीएचएमसिटी के लिए स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए बारहवीं कक्षा में उतीर्ण विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि स्नात्कोतर स्तर पर एमएचएमसिटी 35 तथा एमटीटीम की 40 सीटों के लिए भी विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान के सभी 3 पाठ्यक्रमों के लिए दाखिला प्रक्रिया की घोषणा विश्वविद्यालय प्रशासन ने कर दी है। सभी विद्यार्थी 7 अगस्त तक इन पाठ्यक्रमों में आवेदन कर सकते हैं।
निदेशक प्रोफेसर बूरा ने बताया कि पर्यटन एवं होटल संस्थान के क्षेत्र में उत्तर भारत के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से एक है। संस्थान के सभी पाठ्यक्रम पर्यटन एवं होटल संस्थान की जरूरतों के अनुसार तैयार किए गए हैं। पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से यह पाठ्यक्रम संस्थान में चल रहा है। इस पाठ्यक्रम की विद्यार्थियों में भारी मांग है जिसके कारण हर वर्ष आवेदकों की संख्या निरंतर बढ़ रही है।
इस पाठ्यक्रम को इस क्षेत्र में शुरू करने वाला कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश का पहला विश्वविद्यालय था। इस पाठ्यक्रम से उतीर्ण विद्यार्थी आज देश विदेश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए यह पाठ्यक्रम बहुत ही उपयोगी है और वे इस क्षेत्र में अपना करियर बना सकते हैं। पिछले 15 वर्षों से इस पाठयक्रम को करने वाले विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत प्लेसमैंट हुई हैं।
प्रोफेसर बूरा ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संस्थान में कंप्यूटर लैब, फ़ूड प्रोडक्शन लैब, फ़ूड सर्विस लैब, हाउसकीपिंग लैब, लाइब्ररी और अन्य लैब तैयार की गई हैं जिसमें विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ प्रशिक्षण पर फोकस किया गया है ताकि विद्यार्थी पर्यटन एवं होटल क्षेत्र जाकर सफल कर्मी के साथ-साथ उद्यमशील भी बन सकें।