विपक्ष द्वारा चलाए जा रहे झूठ और गुमराह करने वाली बातों का उन्हें मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से मुंहतोड़ जवाब देना है: विनोद तावड़े
भाजपा और जजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ की महत्वपूर्ण बैठक
न्यूज डेक्स संवाददाता
पंचकूला, 20 दिसंबर। हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा और जजपा कार्यकर्ताओं की एक अतिमहत्वपूर्ण बैठक लेने पंचकुला पहुँचे। चुनाव समिति के प्रमुखों के साथ रणनीतिक विचार विमर्श के लिए आज भाजपा कार्यालय पंचकूला में एक अतिमहत्वपूर्ण बैठक हुई। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, केंद्रीय राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया, चुनाव प्रभारी कैप्टेन अभिमन्यु, यमुनानगर से मेयर चुनाव सह-प्रभारी मदन चौहान, ज़िलाध्यक्ष अजय शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया,पूर्व विधायक लतिका शर्मा, और जिलाध्यक्ष ओ पी सिहाग व ग्रामीण जिलाध्यक्ष भाग सिंह मुख्य पर बैठक में शामिल हुए।
प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली तथा चुनाव में अपना बूथ किस प्रकार जीता जाए उसके बारे में विस्तारपूर्वक मर्गदर्शन किया।उन्होंने चुनाव समितियों के सभी प्रमुखों को दिशा निर्देश देते हुए कहा हमें चुनाव को गंभीरता से लेते हुए हर बूथ पर अपनी जीत सुनिश्चित करनी है।आप सभी कर्मठ कार्यकर्ता मेहनती एवं हर लक्ष्य को प्राप्त करने का जुनून रखते हैं सिर्फ सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है।प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र देते हुए कहा हर कार्यकर्ता उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसे पूरी लगन से निभाए।
कोविड के दौर में हम ज्यादा बड़ी जनसभाएं नहीं कर सकते हमें घर-घर जाकर संपर्क करना है। मीडिया और सोशल मीडिया बड़ी ताकत है।हमने विपक्ष द्वारा चलाए जा रहे झूठ और गुमराह करने वाली बातों का उन्हें मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से मुंहतोड़ जवाब देना है। आप सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार और राज्य में मनोहर सरकार द्वारा किए गए जन कल्याणकारी कार्य एवं उनके द्वारा चलाई गई योजनाओं के बारे में घर घर तक जाकर हर मतदाता को बताना है।सोशल मीडिया के सभी माध्यमों से पार्टी की नीतियों का प्रचार एवं प्रसार करना है। साथ ही जनसंपर्क अभियान जिसमें केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के लाभार्थियों से मिलना, संस्थाओं से सम्पर्क करना शामिल है।