न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। सोमवार को गुरुग्राम पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राव इंद्रजीत सिंह के नामांकन में शामिल होने और नामांकन सभा से पहले स्वच्छता एवं आरोग्य की देवी माता शीतला के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने माता की पूजा और आरती की। मुख्यमंत्री ने अधिष्ठात्री देवी से हरियाणा की सभी 10 सीटों पर विजय प्राप्त कर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की मन्नत मांगी।मीडिया से बात करते हुए नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में गुरुग्राम सहित हरियाणा की जनता पूरा साथ देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह की जीत मोदी जी को ताकत देगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि हम सभी को विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए कमल के फूल का बटन दबाना है।
एक फोटो पूरे विपक्ष पर भारी
राव इंद्रजीत सिंह के नामांकन अवसर पर गुरुग्राम पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इंद्रजीत को मिठाई खिलाई और अग्रिम जीत की बधाई भी दे डाली। राव इंद्रजीत को मिठाई खिलाते मुख्यमंत्री की यह फोटो देखते-देखते वायरल हो गई। फोटो से इंद्रजीत और नायब की केमेस्ट्री झलकती है।