न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विद्या भारती हरियाणा के द्वारा प्रदेश के सभी विद्यालयों के आचार्यों के प्रशिक्षण हेतु प्रतिवर्ष प्रांतीय पुनश्चर्या एवं आचार्य विकास वर्ग का आयोजन किया जाता है। जिसका शुभारंभ दिनांक 2 जून 2024 को स्थानीय गीता निकेतन आवासीय विद्यालय में हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य विद्या भारती के लक्ष्यों का आचार्यों में समावेश करना तथा उनके माध्यम से राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत युवा पीढ़ी का निर्माण करना है। इस वर्ग के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता डॉक्टर ऋषिराज वशिष्ठ अध्यक्ष हिंदू शिक्षा समिति जी ने की।
मुख्यवक्ता विजय नड्डा संगठन मंत्री विद्या भारती उत्तर क्षेत्र ने अपने उद्बोधन में भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा की महानता एवं महत्त्व के बारे में बताया। इसी के साथ विशिष्ट अतिथि मेजर सिंह पूर्व छात्र विद्या भारती ने अपने जीवन में विद्या भारती के महत्त्व तथा राष्ट्र निर्माण में आचार्यों के महत्त्व विषय पर अपने विचार प्रकट किए। इस कार्यक्रम में डॉक्टर ममता सचदेवा उपाध्यक्षा गीता निकेतन विद्यालय भी उपस्थित रहे। सत्र के अंत में वर्ग संयोजक संपूर्ण सिंह ने प्रशिक्षण में सहभागी सभी गणमान्य सदस्यों, संचालन टोली एवं आयोजकों हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। 15 दिवसीय इस वर्ग में हरियाणा प्रांत के 39 विद्यालयों के 200 आचार्य प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। वंदे मातरम के साथ सत्र का समापन हुआ।