न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय ने परीक्षा के महज 6 घंटे के भीतर ही परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। आपको बता दें कि मंगलवार दोपहर को डी फार्मेसी और पंचकर्म सर्टीफिकेट कोर्स की परीक्षा सम्पन्न हुई थी। विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा द्वारा छात्रों का समय बचाने हेतु तीव्रता से कार्य करते हुए देर सांय परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
कुलपति प्रोफेसर वेद्य करतार सिंह धीमान ने परीक्षा शाखा नियंत्रक एवं सभी कर्मचारियों को इस कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र हित एवं कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध एवं समर्पित है। आधुनिक समय में तकनीक के साथ तालमेल बनाते हुए सभी शैक्षिक, गैर-शैक्षिक और प्रशासनिक कार्यों को गति प्रदान करना विश्वविद्यालय की पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक का कार्यभार कुलसचिव डा. नरेश भार्गव के पास है l डॉक्टर नरेश भार्गव इससे पहले खानपुर कला भक्त फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक के रूप में कार्यरत थे। पहले के अनुभवों के आधार पर आयुष विश्वविद्यालय भी प्रशासनिक कार्यों में दक्षता आई है। परिणाम स्वरूप आयुर्वेद डी फार्मेसी और पंचकर्म सर्टीफिकेट कोर्स का रिजल्ट परीक्षा के 6 घंटों के भीतर घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही कुलसचिव डॉ. नरेश भार्गव के कार्यकाल में पीएचडी की प्रवेश परीक्षाएं हुई, उनका रिजल्ट परीक्षा के दिन ही रात्रि तक जारी कर दिया जाता था। कोरोना काल के दौरान सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थी और छात्रों की परफॉर्मेंस के आधार पर एक विशेष फार्मूले के द्वारा छात्रों का रिजल्ट दिया जाना था। तब भक्त फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय द्वारा हरियाणा प्रदेश में सबसे पहले सभी छात्राओं के परीक्षा परिणाम घोषित किए थे। निश्चित रूप से डॉ.भार्गव के अनुभवों का लाभ श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय को मिलेगा।