परिवार पहचान पत्र में हुई त्रुटियों को दूर करवा सकते है नागरिक
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार नागरिक संसाधन सूचना विभाग की ओर से 22 जून तक परिवार पहचान पत्र का डाटा वेरिफिकेशन और अपडेशन करने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा लगाए गए इन विशेष शिविरों में इन शिविरों में परिवार पहचान पत्र से संबंधित अगर किसी की आय में बदलाव करना है तो उसे संबंधित दस्तावेज दिखाना होगा, शादी के बाद अपनी बेटी का नाम परिवार पहचान पत्र से कटवाना है तो उसे विवाह पंजीकरण का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, अगर किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर नाम कटवाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र दिखाना होगा, अगर नए बच्चे का नाम जोड़ना है तो उसे जन्म प्रमाण पत्र दिखाना होगा।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि यह शिविर 22 जून तक खंड स्तर पर व नगर पालिका क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे है। यह शिविर नगर परिषद कार्यालय, नगर पालिका कार्यालय तथा प्रत्येक ब्लॉक के करीब 10 गांवों में आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि अगर किसी का मोबाइल नंबर सही नहीं है तो वह मौके पर बदलवा सकता है और बीपीएल कार्ड अगर बना है तो मौके पर ही अपना बीपीएल कार्ड निकलवा सकता है। इसके अलावा फैमिली आईडी की वेरिफिकेशन करवानी है तो उसके लिए विभिन्न कमेटियां बनाई गई है जो अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करती है, उसके बाद आय की वेरिफिकेशन हो जाती है। इसके बाद प्रार्थी को फैमिली आईडी का प्रिंट निकालकर, उस पर साइन करके उसे अपलोड किया जाता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि फैमिली आईडी से संबंधित अगर कोई समस्या है तो इन शिविरों का लाभ उठाएं और अपनी समस्या का समाधान करवाएं।