कला कीर्ति भवन में लगेंगी अभिनय और चित्रकला की निशुल्क कक्षाएं
4 जनवरी से हाबी कक्षाएं होंगी शुरु, शहरवासी सीखेंगे एक्टिंग और पेंटिंग के गुर
न्यूज डेस्क संवाददाता
कुरुक्षेत्र,30 दिसंबर।हरियाणा कला परिषद द्वारा प्रत्येक वर्ष अलग अलग विधाओं की अभिरुचि कक्षाएं आयोजित की जाती हैं, जिनमें शहरवासी कला के नए गुर सीखते हुए अभिनय, चित्रकला, संगीत तथा नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त करते रहे हैं। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के कारण अभिरुचि कक्षाओं का आयोजन नहीं किया जा सका, इसलिए जनवरी 2021 शुरु होते ही ब्रह्मसरोवर स्थित कला कीर्ति भवन में निशुल्क अभिरुचि कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें अभिनय और चित्रकला का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय भसीन ने दी। उन्होंने बताया कि कला परिषद द्वारा लगाई जाने वाली अभिरुचि कक्षाओं के माध्यम से लोगों की छुपी हुई प्रतिभा को बाहर निकालने का प्रयास किया जाता है, जिसमें कुशल प्रशिक्षक अलग-अलग विधा का प्रशिक्षण देकर विद्यार्थियों को कलाकार बनाते है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष लगभग 200 प्रतिभागी निशुल्क अभिरुचि कक्षाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जीवन के लक्ष्य को निर्धारित करते हैं। किंतु 4 जनवरी से प्रारम्भ होने वाली कक्षाओं में केवल अभिनय और चित्रकला का ही प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा प्रत्येक कक्षा में कम संख्या में ही विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा। संजय भसीन ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार दोपहर 3 से 5 बजे तक लगने वाली इन कक्षाओं के लिए पंजीकरण शुरु कर दिए गए हैं। निशुल्क कक्षाओं के लिए विद्यार्थियों से केवल पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की मासिक फीस नहीं ली जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को कोरोना से बचाव के लिए भी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।