एकात्म मानववाद और अंत्योदय के माध्यम से भारत देश को परम वैभव पर लेकर जाना है, दोबारा से विश्व गुरु की उपाधि दिलानी है: दीपक शर्मा
न्यूज डेक्स संवाददाता
पंचकूला, 14 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी पंचकूला के नाड्डा मण्डल में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ गुरुवार को दून पब्लिक स्कूल में हुआ। प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन ज़िलाध्यक्ष अजय शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया आज कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित रहे। उनके साथ आज अन्य विषयों पर कार्यकर्ताओं को संबोधन करने वाले वक्ताओं में जिला प्रभारी डॉ संजय शर्मा, पूर्व ज़िलाध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष विशाल सेठ, जिला महामंत्री परमजीत कौर, मेहर चंद गहलोत के साथ बीबी सिंगल उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष अजय शर्मा ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा की भारतीय जनता पार्टी देश के विकास व नैतिक मूल्यों पर आधारित राजनीतिक पार्टी है।हम सौभाग्यशाली हैं जो हमें ऐसे राजनीतिक दल के कार्यकर्ता होने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में उभर कर सामने आई है जिसके देश में लगभग 14 करोड़ सदस्य हैं। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद और गरीबों के विकास के लिए हम काम है।भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा को लेकर काम करने वाला संगठन है जो मूलतः कार्यकर्ताओं पर आधारित है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा भारतीय जनता पार्टी संसदीय चुनाव में दो सीटो से बढ़ कर तीन सौ के पार पहुंची है। इसके पीछे पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं की कठोर मेहनत एवं तपस्या है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगुवाई में देश ने चहुंमुखी विकास किया है।उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए काम करने के साथ अब सामाजिक दायित्व भी निभाना है।आप सभी कार्यकर्ता बूथ के घर घर पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जरूरत मंदों को उसका लाभ दिलवाने का कार्य करें, यही देश की व पार्टी की सच्ची सेवा होगी। पूर्व ज़िलाध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा एकात्म मानववाद और अंत्योदय के माध्यम से भारत देश को परम वैभव पर लेकर जाना है व दोबारा से विश्व गुरु की उपाधि दिलानी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यकाल में हम उस तरफ बढ़ चुके हैं, बहुत सारे विषयों पर विश्व भारत को नेतृत्व की तरफ देखता है।भारत का आज पूरे विश्व में एक विशेष स्थान है। यह सब कुछ हमारी विचारधारा के कारण ही सुनिश्चित हो सका है। कार्यकर्ताओं को हम प्रशिक्षित कर नेता बनाते हैं और समाज में अच्छे चरित्रवान लोग राजनीति करें ऐसा वातावरण बनाते हैं।आज इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, राजेंद्र नोनीवाल, अरविंद सहगल सिद्धार्थ सिंह राणा,अमरिंदर सिंह, रोहित मित्तल, सतपाल भारद्वाज,शेखर चौरसिया के साथ देवेंद्र रोहिल्ला विशेष तौर पर उपस्थित रहे।