सैनिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में बोले डीसी अभिषेक मीणा
गांव गोठड़ा स्थित सैनिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया विद्यालय का वार्षिकोत्सव
एनडी हिन्दुस्तान
रेवाड़ी। जिला के गांव गोठड़ा स्थित सैनिक स्कूल में बृहस्पतिवार को विद्यालय का वार्षिकोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया, जिसमें जिला सैनिक बोर्ड के अध्यक्ष एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। डीसी अभिषेक मीणा ने दीप प्रज्ज्वलन कर वार्षिकोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। सैनिक स्कूल के प्राचार्य कैप्टन ब्रिज किशोर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय उप-प्राचार्य विंग कमांडर सुनैना चाहार, प्रशासनिक अधिकारी मेजर जयसिंह राठौड़, प्रवक्ता योगेश कुमार सिंघल, विद्यालय कप्तान हर्ष ठाकरान सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे ।
उपायुक्त अभिषेक मीणा ने कहा कि विद्यार्थियों में लक्ष्य प्राप्त करने के लिए शिक्षा, मेहनत और लगन के साथ-साथ अनुशासन और संस्कार होना भी सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल के सभी कर्मचारी व छात्र पूरी निष्ठा व ईमानदारी से कर्तव्य निर्वहन करते हुए विद्यालय की गरिमा व अनुशासन को बनाए रखें। उन्होनें विद्यालय द्वारा एनसीसी, खेल-कूद व अकादमिक क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों सहित विद्यालय के ऱक्षा अकादमी में प्रवेश सम्बन्धी परिणाम पर विद्यालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल की यह परंपरा रही है कि यह हर प्रकार की राष्ट्रीय सांस्कृतिक और देश की एकता और अखंडता से जुड़ी गतिविधियों को हर वर्ष बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाता है ताकि इसमें अध्यनरत छात्रों के लिए यह एक प्रेरणा स्रोत का काम कर सके।