एलएनजेपी अस्पताल, सीएचसी मथाना व पिहोवा में लगाए गए कोरोना वैक्सीन
कुरुक्षेत्र में प्रथम चरण में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों
कर्मचारियों को दी जाएगी कोरोना की डोज
कोरोना वैक्सीनेशन करवाने वालों ने अपने अनुभवों को किया सांझा
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 16 जनवरी। उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में कोराना वैक्सीनेशन का कार्य पूरे पुख्ता प्रबंधों के बीच हुआ है। इस राष्ट्रव्यापी कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से की है। इसके साथ-साथ कुरुक्षेत्र में भी एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र, सीएचसी मथाना व सीएचसी पिहोवा में प्रथम चरण में लगभग 100-100 स्वास्थ्य कर्मियों सहित करीब 300 हेल्थ वर्करों को वैक्सीन की डोज दी गई है।
उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने शनिवार बातचीत करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 16 जनवरी को कोरोना वैक्सीन लगाने के अभियान को लेकर लगभग सभी तैयारियों के पुख्ता प्रबंध पूरे कर लिए गए थे।
इस जिले में एलएनजेपी अस्पताल, सीएचसी पिहोवा, सीएचसी मथाना में कोरोना का वैक्सीन लगाने का काम किया गया है। प्रत्येक सेंटर पर स्वास्थय विभाग की तरफ से पांच-पांच कर्मियों की एक टीम नियुक्त की गई और इन तीनों सेंटरों पर एसएमओ की निगरानी और सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह व डिप्टी सीएमओ डा. अनुपमा सैनी की देखरेख में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान को शुरु किया गया। कुरुक्षेत्र में एलएनजेपी में चिकित्सा अधिकारी गुरप्रीत सिंह को सबसे पहली कोरोना वैक्सीन लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि कुरक्षेत्र में प्रथम चरण में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी, इसके बाद सरकार के निर्देशानुसार धीरे-धीरे कोरोना वैक्सीनेशन के कार्य को बढ़ाया जाएगा और कोरोना वैक्सीनेशन के कार्य को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन को लगवाने वाले लोगों द्वारा अपने अनुभवों को सांझा किया जा रहा है। इसलिए इस वैक्सीनेशन से घबराने की जरुरत नहीं है और आगे आकर इस लड़ाई में प्रशासन और सरकार का सहयोग करना है ताकि कोरोना महामारी की लड़ाई को जीता जा सके।
लोगों को कोरोना वैक्सीन से रतिभर भी डरने की जरुरत नहीं:गुरप्रीत
एम्स के निदेशक डा. रणदीप गुलेरिया के शिष्य एवं एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डा. गुरप्रीत सिंह ने कुरुक्षेत्र में शुरु हुए कोरोना वैक्सीनेशन अभियान में सबसे पहला टीका लगवाने के बाद अपने अनुभवों को सांझा किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन लेने के बाद उन्हें रतिभर भी घबराहट नहीं हुई है। टीका लगाने से पहले और टीका लगवाने के बाद बिल्कुल स्वस्थ है। जिस प्रकार उनके गुरु एम्स के निदेशक डा. रणदीप गुलेरिया ने एम्स में कोरोना का वैक्सीन लिया है, उसी तरह उन्होंने भी कोरोना का वैक्सीन लगवाया है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2008 से लेकर 31 दिसम्बर 2020 तक एम्स में रहे और एम्स के निदेशक डा. रणदीप गुलेरिया के सानिध्य में एमडी की डिग्री हासिल की है। अब 1 जनवरी 2021 से एलएनजेपी अस्पताल में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना वैक्सीन से जरा सी भी घबराने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कोरोना वैक्सीन के लिए गत्त दिवस रजिस्ट्रेशन करवाया था। रजिस्टे्रशन होने के बाद उनके मोबाईल पर टीकाकरण का संदेश मिला और आज उन्होंने कोरोना वैक्सीन लगवाने वालों की सूचि में नाम देखा, अपने पहचान पत्र के रुप में अपना आधार कार्ड दिखाया और पोर्टल पर अपडेट सूचि के अनुसार दस्तावेजों का मिलान कर उन्हें कोरोना वैक्सीन दिया गया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में सबसे पहले वैक्सीन लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह उनके लिए अद्वितय क्षण है।
आईएमए के सदस्य डा. राकेश भारद्वाज ने भी की पहल
एलएनजेपी सेंटर में आईएमए की तरफ से सबसे पहले डा. राकेश भारद्वाज ने कोरोना वैक्सीन लगवाया। उन्होंने कोरोना वैक्सीन के लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी की और अभियान के पहले दिन कोरोना वैक्सीन लेकर एक सुखद एहसास हुआ। उन्होंने पत्रकारों से अपने अनुभवों को सांझा करते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन लेने के बाद उन्हें ना तो दर्द हुआ है और ना ही बुखार हुआ है। यह टीका आम टीके की तरह लगाया गया है। इस टीकाकरण के लिए जो मिथ और भ्रम थे, वह सब निराधार है। इस कोरोना वैक्सीन के लिए आमजन को खुलकर सामने आना चाहिए और टीका लगवाने के लिए जरा सी भी डरने की जरुरत नहीं है।
वैक्सीन है सुरक्षित:बिंदू
एलएनजेपी अस्पताल से स्वास्थ्य अधिकारी बिंदू राय ने कोरोना वैक्सीन लेने के उपरांत अपने अनुभवों को सांझा करते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन बिल्कुल सुरक्षित है और कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए डरने की जरुरत नहीं है। सभी को टीकाकरण के लिए खुलकर आगे आना चाहिए और इस टीकाकरण में सामने आकर एक शक्ति प्रदर्शन करना चाहिए तथा किसी को प्रकार के भ्रम और अफवाह से डरने की जरुरत नहीं है।
विधायक सुभाष सुधा ने भी आमजन से कोरोना वैक्सीनेशन लगवाने की अपील
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि भारत भी अब उन देशों की श्रेणी में आ गया है, जहां पर आमजन को कोरोना वैक्सीनेशन दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज पूरे देश में राष्टï्रव्यापी कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम की शुरुआत की है। भारतीय कम्पनी सीरम के कोविशिल्ड और कोवैक्सीन जो की स्वेदशी निर्मित है को शनिवार से प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों व फ्रंटलाईन वकर्र को लगाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। इससे कोरोना को हराने की लड़ाई में देश ने एक कदम ओर आगे बढ़ाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल को इसके लिए बधाई भी दी है। विधायक ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि आमजन कोरोना वैक्सीन को लेकर किसी भी अफवाह व भ्रम में ना पड़े और आगे आकर इस वैक्सीनेशन कार्यक्रम का सफल बनाने में अपना योगदान दे।
स्वदेशी कोरोना वैक्सीन भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में साहसिक कदम:पवन सैनी
पूर्व विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि स्वेदशी कोरोना वैक्सीन भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक साहसिक कदम है। इससे भारत को एक नई पहचान मिलेगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकल फार वोकल अभियान को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने शनिवार को सीएचसी मथाना में स्वास्थ्य कर्मियों को पहले चरण के वैक्सीनेशन कार्यक्रम की शुरआत पर बातचीत करते हुए कहा कि कोरोना वारियर्स को वैक्सीनेशन लगाने की हुई सफल शुरुआत हुई है। अब भारत ने कोरोना महामारी को खत्म करने की दिशा में एक ओर कदम आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिक और विशेषज्ञ भारत में बनी वैक्सीन की सुरक्षा और प्रभाव को लेकर आश्वस्त हुए, तभी उसकी अनुमति दी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व वैज्ञानिकों को इस सफलता व भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साहसिक कदम के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। भारतीय वैक्सीन विदेशी वैक्सीन की तुलना में बहुत सस्ती हैं और इनका उपयोग भी उतना ही आसान है। भारत ने कोरोना महामारी से जिस प्रकार से मुकाबला किया उसका लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है। कुरुक्षेत्र से कोरोना के अंत का शुभारंभ हो चुका है। जिसमें लाडवा हल्के के लोगों को बढ़चढ़ कर इस महामारी को खत्म करने में सहयोग करना चाहिए। इस मौक पर डा. केके शर्मा, निगरानी समिति के रवि कन्यान, कष्टनिवारण समिति के सदस्य नरेंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।
स्वैच्छिक टीकाकरण अभियान में भारत पहुंचा 31वें स्थान पर:सुखबीर
सीएमओ डा. सुखबीर सिंह ने शनिवार को कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम के शुभारम्भ पर बाचतीत करते हुए कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए आज शुरू हुए स्वैच्छिक राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान में आज भारत विश्व में 31 में स्थान पर आ गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फॉर वोकल के आदर्शों पर चलते हुए देश में बनी वैक्सीन का प्रयोग किया गया है। इस अभियान में सबसे पहले लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरप्रीत सिंह ने इस महामारी से बचाव का टीका लगवाया। इस दौरान राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डा. शैलेन्द्र ममगई ने कहा कि 18 वर्ष की कम आयु, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को यह टीका नहीं लगाया जाएगा। जिन लोगों को खून बहने या थक्का जमने से संबंधित परेशानी है, उन्हें कोरोना का टीका देने से पहले पूरी सावधानी रखी जाएगी इन रोगियों में टीके का असर तेजी से दिखाई देने की आशंका है। आमजन से भी अपील की जा रही कि वे कोरोना वैक्सीन संबंधी मोबाइल पर आने वाली अनधिकृत कॉल्स, मैसेज और लिंक का जवाब न दें, ऐसा करने से वे ठगी का शिकार हो सकते हैं। जिन लाभार्थियों को पहला टीका लगाया जाएगा, उसके 28 दिन बाद लगने वाले टीके का संदेश भी उनके मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। इस मौके पर कोरोना कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डा. अनुपमा सिंह, फिजीशियन डा. गौरव चावला, डा. अरविंद चहल सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।