यमुना नदी सहित अन्य स्थानों पर अवैध खनन की हो रही है नियमित मॉनिटरिंग- डीसी पार्थ गुप्ता
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर । डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन व खनन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन पर निरंतर कार्यवाही जारी है। उपायुक्त ने बताया कि जिला में 1489 वाहनों की चैकिंग के दौरान 74 वाहनों के चालान कर 14 लाख 4 हजार 100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग प्लांट द्वारा फरवरी माह में 79415.39 मीट्रिक टन खनिज का ई-रवाना काटा गया। जबकि मार्च 2025 के पहले सप्ताह में ही स्क्रीनिंग प्लांट पर 40277 मीट्रिक टन खनिज का ई-रवाना काटा गया है। उन्होंने बताया कि स्टोन क्रैशर फरवरी माह में 48552.95 मिट्रिक टन खनिज का ई-रवाना काटा गया जबकि मार्च 2025 के पहले सप्ताह में ही स्टोन क्रैशर पर 24889.95 मिट्रिक खनिज का ई-रवाना काटा गया।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि यमुनानगर जिला से निकल रही यमुना नदी सहित अन्य स्थानों पर अवैध खनन रोकने व बिना ई-रवाना बिल के निकलने वाले खनिज वाहनों पर पूरी संजीदगी के साथ मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला में दिन-रात जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त टीमें जहां सडक़ों पर बिना ई-रवाना बिल के खनिज वाहनों की जांच कर रही है वहीं नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि एसडीएम छछरौली की टीमों द्वारा 635 वाहनों की चैकिंग के दौरान आरटीए विभाग द्वारा 24 वाहनों का चालान कर 6 लाख 48 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार एसडीएम जगाधरी की टीमों द्वारा 214 वाहनों की चैकिंग के दौरान 14 वाहनों का चालान कर 2 लाख 62 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि एसडीएम रादौर की टीमों द्वारा 547 वाहनों की चैकिंग के दौरान 14 वाहनों का चालान कर 1 लाख 92 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार एसडीएम व्यासपुर की टीम द्वारा 93 वाहनों की चैकिंग के दौरान 22 वाहनों का चालान कर 3,02,100 रुपये जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि जिला के सभी एसडीएम, पुलिस विभाग व खनन विभाग के अधिकारियों द्वारा निरंतर दिन-रात चैकिंग की जा रही है।