मंडियों से गेहूं उठान में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, किसानों के खातों में समय पर जाए पेमेंट
एडीसी ने फसलों की खरीद को लेकर अधिकारियों के साथ की प्रबंधों की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल । अतिरिक्त उपायुक्त यश जालुका ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद का कार्य शुरू हो जाएगा। इसलिए रबी सीजन की फसलों की खरीद को लेकर जिला की अनाज मंडियों में समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं। अनाज मंडियों से फसलों के उठान में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अगर ट्रांसपोर्ट 3 घंटे के भीतर निर्धारित समय के अनुसार गाड़ी उपलब्ध नहीं कराएगा तो उसे पैनल्टी लगाई जाए। इस कार्य को सभी खरीद एजेंसियों के सुपरवाइजर ईमानदारी से करें। अगर उनकी लापरवाही भी नजर आई तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं खरीद की पेमेंट समय पर किसानों के खातों में जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में रबी सीजन के दौरान फसलों की खरीद से संबंधित प्रबंधों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में सरकारी खरीद एजेंसी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड तथा हरियाणा वेयर हाउस कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधि तथा सभी अनाज मंडियों के मंडी सचिव उपस्थित रहे। उन्होंने मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि वे समय रहते अपनी-अपनी अनाज मंडियों में सीसीटीवी कैमरे, बिजली की व्यवस्था, पीने के पानी के लिए वाटर कूलर, साफ-सुथरे शौचालय, किसानों व श्रमिकों की सुविधा के लिए शेड की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा गेट पास को लेकर पर्याप्त मात्रा में कम्प्यूटर, स्कैनर और कम्प्यूटर ऑपरेटर अवश्य हों, अगर कहीं कम्प्यूटर व स्कैनर की कमी है तो तुरंत खरीदें।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी खरीद एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में बारदाना व तिरपाल की उपलब्धता हो तथा माइस्चर मशीन भी पर्याप्त मात्रा में हों। विशेषतौर पर ओपन स्पेस में स्टोर की जाने वाले गेहूं के लिए तिरपाल, अग्रिशामक यंत्र, सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था वहां पर भी करवाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी खरीद एजेंसियां स्टोरेज प्लान दें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मंडी सचिव अनाज मंडियों में फसल खरीद की तैयारियों से सबंधित प्रमाण-पत्र देना सुनिश्चित करेंगे। अगर इसके बावजूद भी कहीं तैयारियों में कमी नजर आई तो सबंधित सचिव के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सभी अनाज मंडियों में साफ-सफाई का समुचित प्रबंध किया जाए। इसके अलावा सडक़ों की मरम्मत कार्य पूरा करवा लिया जाए ताकि किसानों को मंडियों में अपनी फसल लाने में असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रबी सीजन के दौरान अनाज मंडियों के आसपास पेट्रोलिंग टीम को तैनात करें और समय-समय पर मंडियों का दौरा करें। ताकि नशे की वस्तुओं के प्रयोग करने पर रोक लग सके। इसके अलावा सीजन के दौरान ट्रेफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से जारी रखी जाए। कहीं पर भी जाम की स्थिति न होने दें। उन्होंने एसडीएम को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित अनाज मंडियों में तैयारियों को लेकर निरीक्षण करें। इसके अलावा किसान यूनियन व किसान क्लबों के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग करें और उन्हें जागरूक करें कि गेट पास के अनुसार ही अपनी फसल को सुखाकर मंडियों में लेकर आएं ताकि उन्हें फसल बेचने में असुविधा न हो। उन्होंने कृषि विभाग के उपनिदेशक को भी निर्देश दिए कि वे किसानों को इस बारे जागरूक करें।
फसल खरीद के लिए मंडी वाइज किया जाए ग्रीवेंसिज कमेटी का गठन : एडीसी
अतिरिक्त उपायुक्त यश जालुका ने अनाज मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि वे रबी सीजन में फसलों की खरीद के लिए मंडीवाइज ग्रीवेंसिज कमेटी का गठन किया जाए और गठित कमेटी के सदस्यों के नाम और उनका मोबाइल नंबर लिखा बैनर कार्यालय के बाहर व मंडी गेट पर लगवाएं। ताकि किसान गेहूं खरीद से संबंधित अपनी समस्या के समाधान के लिए ग्रीवेंसिज कमेटी के सदस्यों से संपर्क कर सकें।