दाखिले बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने चलाया अभियान
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने कहा कि सरकार की मॉडल संस्कृति स्कूलों की योजना को प्राथमिक विद्यालयों में भी लागू किया गया है, जहां हिंदी और मातृभाषा के साथ-साथ अंग्रेजी माध्यम से भी पढ़ाई कराई जा रही है। शिक्षा विभाग सभी विद्यालयों में उच्च गुणवत्ता शिक्षण के लिए हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। मौजूदा सरकार की प्राथमिकताओं में अच्छी शिक्षा प्रमुखता से रखी गई है। सभी राजकीय विद्यालयों में पानी, बिजली, शौचालय और अच्छे हवादार कमरों की उपलब्धता के बाद अब प्रमुखता से उच्च गुणवत्ता के आईसीटी उपकरणों को प्रदान किया जा रहा है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अध्यापकों, प्रधानाचार्यों और एसएमसी सदस्यों को सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने का आवाहन किया और इसके लिए (बदल रहे हैं सरकारी स्कूल, आओ बदलाव का हिस्सा बनें चलो सरकारी स्कूल चलें) अभियान में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि गत वर्ष में उपायुक्त कुरुक्षेत्र के प्रयासों से नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए वर्षभर एक अभियान चलाया गया, जिसकी सफलता के लिए कर्मठ और मेहनती अध्यापकों ने रविवार के दिन भी कक्षाएं आयोजित की। नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रवेश पाया। ऐसा ही परिणाम इस वर्ष भी अपेक्षित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री महोदय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में साकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए शुरू की गई नई नीति को लागू करने वाला हरियाणा पहला राज्य बना है। सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में खेल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसरों के साथ-साथ छात्रों के पोषण और स्वास्थ्य के लिए मध्याह्न भोजन, निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच आयोजित की जाती हैं।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। सभी स्कूलों में स्मार्ट कक्षा-कक्ष स्थापित किये गए हैं, पिछले वर्ष भी विभिन्न निजी संस्थाओं से छात्रों ने सरकारी मॉडल संस्कृति स्कूलों की ओर रुख किया था। सरकार की मॉडल संस्कृति स्कूलों की योजना को प्राथमिक विद्यालयों में भी लागू किया गया है, जहां हिंदी और मातृभाषा के साथ-साथ अंग्रेजी माध्यम से भी पढ़ाई कराई जा रही है। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए तथा अभिभावकों द्वारा सभी सरकारी योजनाओं के अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए सभी आमजन से अपील की गई।
उन्होंने सरकारी विद्यालयों में छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं और दाखिले से सम्बंधित कोई जानकारी चाहिए तो वो लघु सचिवालय स्थित नई बिल्डिंग के चौथे तल पर स्थित उनके कार्यालय में सीधे संपर्क कर सकते हैं।