गंदगी फैलाने पर आठ दुकानदारों के किए चालान, 15 बेसहारा पशु पकड़े
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर निगम ने चलाया विशेष अभियान
सात दिन में 13 दुकानदारों के काटे चालान, 33 बेसहारा पशु पकड़े
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर निगम की टीम विशेष अभियान चलाया हुआ है। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर शहर की सड़कों पर जहां विशेष सफाई कर व डिवाइडर पेंट कर चकाचक किया जा रहा है। वहीं, निगम द्वारा बेसहारा पशुओं को पकड़ने व गंदगी फैलाने पर दुकानदारों के चालान किए जा रहे है। सोमवार को निगम की टीम ने दोनों जोन में गंदगी फैलाने पर आठ दुकानदारों के चालान किए। वहीं, दोनों जोन में 15 बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में छोड़ा गया।
निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह व जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में टीमें खुले में गंदगी फैलाने व बेसहारा पशुओं को पकड़ने में जुटी हुई है। सीएसआई हरजीत सिंह की टीम ने जगाधरी के विष्णु नगर, सिविल लाइन व अन्य स्थानों पर जांच की। जांच के दौरान यहां चार दुकानों के आगे खुले में गंदगी फैली हुई मिली। जो दुकानदारों द्वारा फेंकी गई थी। निगम की टीम ने चारों दुकानदारों के मौके पर चालान किए। साथ ही प्रत्येक दुकानदार से 500-500 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसी तरह जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त की टीम ने रेलवे रोड, वर्कशॉप रोड व अन्य स्थानों पर चार दुकानदारों के गंदगी फैलाने पर चालान किए। सात दिन में निगम के दोनों जोन में निगम द्वारा 13 दुकानदारों के चालान किए गए है। नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि खुले में कोई भी कचरा न डाले। गंदगी फैलाने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। सभी नगर वासी शहर को सुंदर बनाने में सहयोग दें। खुले में गंदगी न फैलाएं।
————
सात दिन में 33 बेसहारा पशुओं को पकड़ा –
निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह के नेतृत्व में बनी टीम ने अंबाला रोड, जगाधरी रोड, सिविल लाइन समेत विभिन्न स्थानों से सात बेसहारा पशुओं को पकड़कर उन्हें गौशाला में पहुंचाया। इसी तरह जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में बनी टीम ने औद्योगिक क्षेत्र, वर्कशॉप रोड, रादौर रोड समेत कई स्थानों से आठ बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशाला पहुंचाया गया। दोनों जोन में बीते सात दिन में 33 बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में छोड़ा गया है। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि यदि कहीं भी कोई बेसहारा पशु नजर आता है तो उसकी फोटो खींच कर निगम के व्हाट्सएप नंबर 7082410524 पर भेजें। निगम द्वारा तुरंत टीम भेज कर पशु को पकड़ा जाएगा ।