सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने वालों के लिए गुड सेमेरिटन योजना
एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा “गुड सेमेरिटन योजना” के तहत ऐसे व्यक्ति को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने किसी घातक सड़क दुर्घटना के पीड़ित की जान बचाने के लिए तुरंत सहायता प्रदान की हो। इस योजना के तहत, पीड़ित को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा केयर सेंटर पहुंचाने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रेरित करना है। इसके तहत, यदि कोई व्यक्ति दुर्घटना की सूचना पुलिस को देता है या पीड़ित को अस्पताल पहुंचाता है, तो पुलिस या अस्पताल उस व्यक्ति से कोई अन्य गैर जरूरी जानकारी नहीं मांगेगी और उसे तुरंत जाने की अनुमति दी जाएगी।
उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य हादसे में मदद करने वाले व्यक्ति को अनावश्यक पुलिस कार्रवाई से बचाना और सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित करना है। मदद करने वाले व्यक्ति की जानकारी डाक्टर की ओर से स्थानीय पुलिस को दी जाती है। पुलिस गुड सेमेरिटन का नाम-पता, घटना का विवरण, मोबाइल नंबर आदि की निर्धारित प्रारूप में जानकारी देती है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रत्येक जिले में गठित जिला अप्रेजल कमेटी गुड सेमेरिटन के लिए आए प्रस्तावों पर विचार कर अनुमोदित करती है।