मानस पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें नशा करने वाले व्यक्ति की सूचना- जसपाल सिंह गिल
एनडी हिन्दुस्तान
व्यासपुर । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान पर हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ प्रदेश भर में चल रही साइक्लोथॉन यात्रा 2.0 नशा मुक्त हो हरियाणा के संदेश के साथ शनिवार को व्यासपुर में पहुंची। जिला परिषद के अध्यक्ष रमेश ठसका व पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने साइक्लोथॉन यात्रा में शामिल लोगों का फूल-मालाएं पहनाकर एवं उन्हें बुके देकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। नशा मुक्ति का संदेश लेकर आ रही इस ऐतिहासिक यात्रा के स्वागत को लेकर हलके के लोगों में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
नशा मुक्त हरियाणा बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही साइक्लोथॉन यात्रा।
जिला परिषद के अध्यक्ष रमेश ठसका ने साइक्लोथॉन यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 5 अप्रैल को हिसार से साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए रवाना किया था और यह यात्रा सिरसा के डबवाली शहर में 27 अप्रैल को समाप्त होगी। साइक्लोथॉन यात्रा का उद्देश्य हमारी आने वाली पीढिय़ों को नशे से बचाना है। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराई से बचाने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वप्रथम करनाल से साइक्लोथॉन यात्रा का आयोजन किया था और अब प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नशे जैसी बुराइयों से मुक्ति के बारे जानकारी मिलती है, इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए हम सभी की भागीदारी बहुत आवश्यक है।
बॉक्स-
नशे के दुष्प्रभावों से बच्चों को जागरूक करना आवश्यक- पूर्व विधायक बलवंत
पूर्व विधायक ने कहा कि हमें देश की उन्नति के लिए युवा पीढ़ी को नशे से बचाना होगा। हमें प्रयास करना चाहिये कि हम आरम्भ से ही बच्चों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताये व उनसे होने वाले नुकसान के बारे भी जागरूक करें। यदि कोई व्यक्ति नशा बेचने का कार्य करता है तो उसकी जानकारी प्रशासन को अवश्य दें ताकि उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा सके। व्यासपुर के एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने कहा कि जनभागीदारी के बिना सरकार भी इस प्रकार की बुराई पर अंकुश नहीं लगा सकती इसलिए नशे जैसी बुराई को रोकने के लिए जनता का सहयोग बहुत ही आवश्यक है। नशे के कारण नशा करने वाले की पारिवारिक स्थिति खराब हो जाती है और पूरा परिवार बर्बाद हो जाता है।
साइक्लोथॉन साइकिल यात्रा 2.0 के साथ-साथ चल रहे हरियाणा पुलिस के जवान एएसआई डॉ अशोक कुमार ने बताया कि आज हमारे पास सभी प्रकार की सुख-सुविधाएं है, लेकिन हम अपने बच्चों को ज्यादा समय नहीं दे पा रहे हैं और यही कारण है जो माता-पिता अपने बच्चों को समय नहीं दे पा रहे हैं, उनके बच्चे कुमार्ग एवं नशे की ओर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों के खिलाफ सरकार द्वारा अनेक अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन जब तक हम जागरूक नहीं होंगे तब तक ऐसे अभियान कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान में सबके सहयोग की आवश्यकता है और अगर कोई व्यक्ति नशा करता है या इसमें संलिप्त है तो इसकी सूचना भारत सरकार के पोर्टल मानस पर या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दे। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों को नशे जैसी बुराई को त्यागने एवं लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने की शपथ भी दिलाई गई। बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक पर साइक्लोथॉन यात्रा के स्वागत में किए गए भव्य कार्यक्रम में प्रशासन व्यासपुर द्वारा गवर्नमेंट मिडिल संस्कृति स्कूल साढौरा के लवप्रीत को साइकिल दी गई। लवप्रीत ने बताया कि वह झूरमाजरा गांव का नवी कक्षा में पढ़ने वाला छात्र है, वह लगभग तीन-चार किलोमीटर अपने स्कूल में पैदल ही जाता है। साइकिल मिलने से उसे अब स्कूल में पैदल नहीं जाना पड़ेगा। उसके पिता रामेश्वर दास मजदूरी करते है। उसने कहा कि उसने प्रण लिया है कि वह ना तो नशा करेगा और दूसरों को भी नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताएगा। नशा मुक्त हरियाणा का संदेश देती साइक्लोथॉन यात्रा में भागीदार बनने पर वह गर्व महसूस कर रहा है।
व्यासपुर में साइक्लोथॉन यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में डीएसपी हरविंदर सिंह, बीडीपीओ कार्तिक चौहान, नायब तहसीलदार कुलदीप, भाजपा मंडल प्रधान नरेश सैनी, पाबनी मंडल प्रधान दीपक भारद्वाज, पूर्व मंडल प्रधान चंद्र मोहन कटारिया, रामपुर के सरपंच सोहनलाल, व्यासपुर के सरपंच प्रतिनिधि पंकज खुराना, ज्ञान सिंह सहित वरिष्ठ भाजपा नेतागण एवं कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न गांवों के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहें।