विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर कराए निर्माण, नियमित सफाई के लिए उठाए आवश्यक कदम – मेयर
मेयर सुमन बहमनी ने गुलाब नगर का दौरा कर सुनी नागरिकों की समस्याएं
जनसुनवाई के दौरान गलियों का किया दौरा, जलभराव दूर, नियमित सफाई, मरम्मत व निर्माण कार्य करने के दिए निर्देश
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। मेयर सुमन बहमनी ने मंगलवार को पार्षद रीना रस्तोगी के साथ वार्ड नंबर एक के गुलाब नगर क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने जलभराव, पानी की निकासी व सफाई व्यवस्था की समस्याएं प्रमुखता से उठाई। मेयर ने लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने के लिए निर्देश दिए।
मेयर सुमन बहमनी स्थानीय नागरिकों के साथ क्षेत्र की गलियों व सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां गली मरम्मत, नाली निर्माण, सफाई व अन्य निर्माण कार्यों की आवश्यकता पाई गई, वहां इंजीनियरिंग व सेनिटेशन ब्रांच के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारियों को मरम्मत, नालियों के निर्माण व अन्य विकास कार्यों के तुरंत एस्टीमेट तैयार कर उनका निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा। वहीं, गलियों व नालियों की नियमित सफाई के लिए सेनिटेशन ब्रांच को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि जनकल्याण की भावना से प्रेरित ट्रिपल इंजन सरकार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं और गुलाब नगर के नागरिक किसी भी समस्या के लिए उनसे संपर्क कर सकते हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ कार्य कर रही नगर निगम की टीम प्रत्येक वार्ड का चरणबद्ध निरीक्षण कर रही है। मेयर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो भी खामियां उजागर होती हैं, उन्हें प्राथमिकता से दूर किया जाएगा। सफाई व्यवस्था को लेकर भी कुछ नागरिकों ने अनियमितता की शिकायत की। जिस पर सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कंबोज को निर्देशित किया गया कि सभी चिन्हित स्थानों का निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए। मेयर सुमन बहमनी ने स्पष्ट कहा कि हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य जनकल्याण है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं
स्कूल में बच्चों व शिक्षकों से किया संवाद, जांची मिड डे मील की गुणवत्ता –
इसके पश्चात मेयर सुमन बहमनी ने गुलाब नगर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भी दौरा किया। यहां उन्होंने विद्यालय के प्राइमरी खंड में बच्चों और शिक्षकों से संवाद किया, मिड डे मील के तहत परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांची और स्कूल परिसर में बनी आंगनबाड़ी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था को परखा। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दी जा रही शिक्षा के बारे में भी शिक्षकों व बच्चों से बातचीत की। बच्चों की कॉपी व किताब चेक की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करने और आगामी ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में मोबाइल से दूरी बनाकर शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।