सरकार ने नागरिकों से योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा के तहत किया नशा न करने की शपथ लेने का आह्वान
योग दिवस पर नागरिक नशा न करने का लें संकल्प
19 जून को जिला के सभी गांवों व वार्डों में आयोजित होगी योग जागरण यात्रा
20 जून को योग मैराथन व पायलट रिहर्सल होगी आयोजित
एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक। उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने कहा है कि 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन ‘‘एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य के लिए योग‘‘ की थीम पर किया जा रहा है। हरियाणा सरकार ‘‘योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा‘‘ थीम पर सभी नागरिकों से नशा न करने की शपथ लेने का आग्रह भी किया जा रहा है। उन्होंने जिला वासियों से भी नशा न करने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा 21 जून को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम के भव्य आयोजन के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां जारी है।
धर्मेंद्र सिंह ने कहा है कि 19 जून को जिला के सभी वार्डों एवं गांवों में योग जागरण यात्रा निकाली जाएगी तथा 20 जून 2025 को स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में सुबह 6 बजे योग मैराथन एवं 7 से 8 बजे तक योग पायलट रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आयुष विभाग द्वारा 16 से 18 जून तक योग सहायक, योग प्रशिक्षकों एवं योग संस्थाओं के सहयोग से स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर स्थित हॉकी ग्राउंड, व्यायामशालाओं, संस्थाओं एवं विभागों में योग प्रशिक्षण दिया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल ने बताया कि 16 जून से 18 जून 2025 तक आयुष विभाग, रोहतक के योग सहायक, योग प्रशिक्षकों एवं योग संस्थाओं के सहयोग से हॉकी ग्राउंड, राजीव गांधी खेल परिसर रोहतक, व्यायामशालाओं, संस्थाओं एवं विभागों में योग प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षण शिविर में सभी विभागों के अधिकारी/कर्मचारी, निर्वाचित सदस्य, पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारी, खेल विभाग एवं इच्छुक जनसाधारण को प्रॉटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया गया।