जोगिंद्र नगर में नगर निगम की टीम ने सीएसआई अनिल नैन के नेतृत्व में की कार्रवाई
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने सोमवार वार्ड नंबर 16 के जोगिंदर नगर में लोगों द्वारा नाले पर अवैध स्लैब बनाकर किए कब्जों पर पीला पंजा चलाकर हटा दिया। इन अवैध कब्जों के कारण नालों से पानी निकासी में रुकावट हो रहा था। इस कारण जोगिंद्रनगर की गलियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। निगमायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशों पर सीएसआई अनिल नैन की टीम ने पार्षद संदीप धीमान की निगरानी में यह कार्रवाई की। निगमायुक्त अखिल पिलानी ने आमजन से अपील की है कि वे नालों पर अवैध कब्जे न करें। इससे जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। यदि किसी ने नालों पर कब्जे किए है तो वे स्वयं इन्हें हटा लें। अवैध कब्जा करने वालों पर बख्शा नहीं जाएगा। जहां भी लोगों ने अवैध कब्जे किए हुए है। उन्हें ध्वस्त किया जाएगा।
सीएसआई अनिल नैन ने बताया कि जोगिंद्रनगर के कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि नाले पर कुछ लोगों द्वारा अपनी सुविधा के लिए स्लैब व रैंप बनाए हुए है। जिससे बारिश में नालों से सही तरीके से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जिस पर निगमायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशों पर वे जेसीबी लेकर जोगिंद्र नगर में पहुंचे। यहां जेसीबी के माध्यम से अवैध कब्जे हटाए गए। नाले पर जो भी स्लैब व रैंप बने हुए थे, उन्हें हटाया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नाले पर जहां भी अवैध कब्जे है, लोग उन्हें स्वयं हटा दें। उनकी जरा सी सुविधा के लिए हजारों लोग जलभराव के चलते परेशान होते है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अभी अवैध कब्जे लोगों द्वारा किए गए है, उन्हें भी जल्द हटाया जाएगा। नालों पर जहां भी अवैध कब्जे है, सभी को ध्वस्त किया जाएगा। निगम की जगह पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिन लोगों ने अभी भी अवैध कब्जे किए हुए है, वे समय रहते उन्हें स्वयं हटा ले, नहीं तो निगम द्वारा उन्हें ध्वस्त किया जाएगा।