शहर के विकास व सौंदर्यीकरण पर मेयर ने निगम आयुक्त के साथ बैठक कर किया मंथन
शहर की विभिन्न परियोजनाओं, सौंदर्यीकरण, बेहतर सफाई व्यवस्था व जलभराव की समस्या के निपटान पर हुई विस्तार से चर्चा
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। मेयर सुमन बहमनी ने मंगलवार को शहर के विकास, बेहतर सफाई व्यवस्था, जलनिकासी, सौंदर्यीकरण व विभिन्न परियोजनाओं को लेकर नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पश्चिमी यमुना नहर किनारे बनने वाले रिवर फ्रंट व उसके डिजाइन, हमीदा हेड के पास नौ एकड़ में बनने वाले सुंदर पार्क, ओपन एयर थिएटर एवं ऑडिटोरियम समेत शहर में होने वाले करोड़ों रुपये के विकास कार्यों, शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, बारिश में होने वाले जलभराव के स्थाई समाधान, शहर के मुख्य मार्गाें और चौकों के सौंदर्यीकरण, कुत्तों व बंदरों की समस्या के समाधान, निगम के नए भवन व निगम क्षेत्र में बनने वाले विभिन्न प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने पर विचार किया गया।मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि निगम क्षेत्र के सभी वार्डाें के विकास, बेहतर सफाई व्यवस्था, सौंदर्यीकरण के लिए हमारी सरकार दृढ़ संकल्पित है। हम सभी के प्रयास से हमारा शहर विकसित, सुंदर, साफ व स्वच्छ बनेगा। बैठक में पश्चिमी यमुना नहर किनारे बनने वाले रिवर फ्रंट व उसके डिजाइन, हमीदा हेड के पास नौ एकड़ में बनने वाले सुंदर पार्क, ओपन एयर थिएटर एवं ऑडिटोरियम, शहर के तीन मुख्य मार्गाें के सौंदर्यीकरण, निगम क्षेत्र में लगने वाली एलईडी स्ट्रीट लाइट समेत विभिन्न बड़े प्रोजेक्ट पर भी चर्चा की गई। शहर में रिवर फ्रंट, हमीदा हैड के पास पार्क, ओपन एयर थियेटर एवं ऑडिटोरियम बड़े प्रोजेक्ट है। जिनके पूरा होने से हमारे शहर को सुंदर रूप मिलेगा। निगम आयुक्त अखिल पिलानी ने मेयर बहमनी को सभी प्रोजेक्ट की ताजा अपडेट दी। निगमायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि पश्चिमी यमुना नहर किनारे बनने वाले रिवर फ्रंट व हमीदा हेड के पास नौ एकड़ में बनने वाले सुंदर पार्क बनाने की योजना प्रक्रिया में है। ओपन एयर थिएटर एवं ऑडिटोरियम का कार्य प्रगति पर है। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखकर तीव्रता से इसका निर्माण किया जा रहा है। दिव्य नगर योजना के तहत गोविंदपुरी रोड, जिमखाना क्लब रोड व वर्कशॉप रोड का सौंदर्यीकरण अंतिम चरण में है। शहीद भगत सिंह चौक के नवीनीकरण का कार्य किया जा रहा है। शहर के अन्य चौक भी सुंदर बनाए जाएंगे। इसके लिए योजना तैयार कर कार्य किया जा रहा है। नगर निगम के नए कार्यालय के लिए जमीन डीसी कैंप ऑफिस के सामने फाइनल की गई है। जल्द ही इसका टेंडर लगाया जाएगा। जिसके बाद निगम कार्यालय बनाने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा नियमित हुए अवैध कॉलोनियों में गलियों, नालियों व अन्य मूलभूत सुविधाएं देने का कार्य किया जाएगा। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि हमारा उद्देश्य शहर को साफ, सुंदर, सुसज्जित व हरा भरा बनाना है। हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यह तभी संभव होगा, जब हम सब मिलकर कार्य करेंगे। इसके लिए सभी शहरवासियों का सहयोग अपेक्षित है। शहरवासी भी शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने में अपना सहयोग करें।