30 जुलाई को सांयकालीन सत्र में लेवल-3 की परीक्षा होगी आयोजित
31 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र लेवल-2 और सांयकालीन सत्र में लेवल-1 की परीक्षा
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर उपायुक्त पार्थ गुप्ता के मार्गदर्शन में जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ ने सचिवालय के सभागार में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के उपरांत उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा एचटेट परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
एसडीएम ने कहा कि यह काफी संवेदनशील कार्य है, जिसे सभी सेंटर संचालकों तथा डयूटी मजिस्ट्रेट को करना है। उन्होंने कहा कि सभी सेंटर संचालक पहले से ही यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा केन्द्र किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाईश न हों। परीक्षा के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित किए है उनका दृढ़ता से पालना की जाए। उन्होंने बताया कि आगामी 30 और 31 जुलाई को यमुनानगर में एचटेट लेवल 1, लेवल 2 और लेवल 3 की परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि लेवल-3 की परीक्षा 30 जुलाई, 2025 को सांयकालीन सत्र में दोपहर 3 बजे से सायं 5.30 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 31 जुलाई को प्रात: कालीन सत्र में एचटेट लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। इसी दिन सांयकालीन सत्र में एचटेट लेवल-1 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से सायं 5.30 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल व अन्य डिजिटल उपकरण पूरी तरह के प्रतिबंधित है। ऐसे में अभ्यर्थी किसी तरह का डिजिटल उपकरण व मोबाइल न लेकर आए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी लगे होंगे, जो परीक्षा से एक दिन पहले ही लग जाएंगे।
नगराधीश पीयूष गुप्ता ने बैठक में सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पीने के पानी और शौचालय की पूरी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी अपने कार्य में कोताही न बरतें। किसी भी अधिकारी को परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की शंका हो, समय रहते दूर कर लें। इस अवसर पर डीएसपी कंवलजीत सिंह, हरियाणा विद्यालय बोर्ड भिवानी के प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहें।