Home Chandigarh भाजपा के कार्यकर्ता के लिए पार्टी कार्य के साथ-साथ जनसेवा भी महत्वपूर्णः मुख्यमंत्री नायब सैनी

भाजपा के कार्यकर्ता के लिए पार्टी कार्य के साथ-साथ जनसेवा भी महत्वपूर्णः मुख्यमंत्री नायब सैनी

by ND HINDUSTAN
0 comment

पौधारोपण अभियान को मिशन की तरह चलाएं भाजपा कार्यकर्ता : मुख्यमंत्री

डा. सतीश पूनिया और मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से चौथी बार भी बनेगी बीजेपी सरकार

एनडी हिन्दुस्तान

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारे लिए सेवा ही संगठन है, इसलिए पार्टी का काम करते-करते लोगों की सेवा में भी हमें अपना समय लगाना है। सीएम सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम को सुनने में देश में नंबर एक पर है और यह सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। बैठक में प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की और कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से केंद्र और प्रदेश में चौथी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हर बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनना चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक लोगों को मन की बात कार्यक्रम से जोड़ें साथ ही बच्चों, बुजुर्गों, युवाओं के जन्म दिन बूथों पर मनाएं और एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगवाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे लोगों की भावनाएं आप लोगों के साथ जुड़ेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता पौधारोपण के अभियान को मिशन की तरह चलाएं। अधिक से अधिक पेड़ लगेंगे तो क्लाइमेट चेंज होगा और धीरे-धीरे वातावरण में बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि शुद्ध वातावरण के लिए पेड़ का बड़ा महत्व है।
‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘‘मन की बात’’ को करोड़ों लोग हर महीने सुनते हैं। हरियाणा में भी लाखों लोग इस कार्यक्रम से जुड़ने चाहिए। सभी कार्यकर्ता शक्ति केंद्रों पर बैठकें करें और एक अच्छी योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का मन की बात कार्यक्रम आधा घंटे का होता है। लोगों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताएं व पार्टी तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी भी जरूर लोगों को दें।

देश को जोड़ने वाला है ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम : डा. सतीश पूनिया

भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम को देश को जोड़ने वाला कार्यक्रम कहा। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य कर रहे हैं। सरकार और संगठन के अच्छे तालमेल और कार्यकर्ताओं की मेहनत से केंद्र और प्रदेश में चौथी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी। डा. सतीश पूनिया ने कहा कि राजनीति में कोई काम छोटा नहीं होता। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ है और हर बूथ पर हमें ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम को 100 प्रतिशत सुनना है।
डा. सतीश पूनिया ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मोदी सरकार ने 11 वर्षों में देश हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। हर वर्ग को ध्यान में रखकर मोदी और नायब सरकार जनहित में योजनाएं बना रही है। उन्होंने कहा कि हमें हर बूथ पर भाजपा की नीतियों व सरकार की उपलब्धियों से अधिक से अधिक लोगों को रूबरू कराना है।

कार्यकर्ता सरकार के प्रहरी के रूप में काम करें : मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम ऐतिहासिक रहा। इस बार हमें 100 प्रतिशत बूथों पर मन की बात कार्यक्रम को सुनना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नायब सैनी और सरकार की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी प्रदेश के विकास को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।  मुख्यमंत्री तक लोगों की कोई भी समस्या पहुचंती है तो वे तत्परता से समाधान करते हैं। श्री बड़ौली ने भी कहा कि हमें चौथी बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनानी है, इसलिए सभी कार्यकर्ता सरकार के प्रहरी के रूप में काम करें। बैठक को संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी संबोधित किया और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की बात कही।
आज की इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, प्रदेश महामंत्री एवं मन की बात कार्यक्रम के संयोजक सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, आईटी संयोजक आदित्य चावला, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, मन की बात कार्यक्रम के लोकसभा संयोजक, जिला संयोजक और सह संयोजक मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?