एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि हरियाणा कृषि प्रधान राज्य है और यही कारण है कि हमारा प्रदेश कृषि उत्पादन के क्षेत्र में देश में अव्वल स्थान पर है। त्याग और तपस्या का दूसरा नाम है किसान और यह बात हरियाणा के मेहनती किसान पर बेहतर लागू होती है। किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता, किसान को अन्नदाता बनाती है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकार किसान की समस्याओं से भली-भांति परिचित है।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा बताया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा मन की बात कार्यक्रम में दो बार जिक्र किए गए जिला प्रगतिशील किसान हाफिजपुर निवासी सुभाष काम्बोज और राष्ट्रपति से सम्मानित एवं मल्टीपर्पज फूड प्रोसेसिंग मशीन के आविष्कारक गांव दामला निवासी प्रगतिशील किसान धर्मबीर को अपने चण्डीगढ़ आवास पर विशेष मेहमान के तौर पर एक दिन के लिये ठहराया।
कृषि मंत्री ने न सिर्फ इन प्रगतिशील किसानों का आतिथ्य सत्कार किया, बल्कि उनके साथ बैठकर जलपान, भोजन और सुबह की सैर भी की। इस दौरान उन्होंने किसानों से उनके अनुभव सांझा किए और गांव के विकास से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने प्रगतिशील सुभाष काम्बोज और धर्मवीर काम्बोज की सराहना की। उन्होंने अन्य किसानों को खेती से अधिक से अधिक आमदनी प्राप्त करने एवं किसान की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया। यह पहल दर्शाती है कि हरियाणा सरकार किसानों को कितना महत्व देती है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने को लेकर गंभीर है। सरकार की इन योजनाओं से नवयुवकों को रोजगार के अवसर मिल रहे है और वें प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।
प्रगतिशील किसान सुभाष काम्बोज एवं धर्मबीर ने बताया कि प्रदेश के कृषि मंत्री के शिष्ट व्यवहार व बातचीत से उनका मनोबल बढ़ा है और उन्हें नई ऊर्जा मिली है। इस मौके पर प्रगतिशील किसान धर्मबीर ने कृषि मंत्री से कहा कि उनके द्वारा बनाई गई मल्टीपर्पज फूड प्रोसेसिंग मशीन पर हरियाणा सरकार द्वारा सब्सिडी दी जाए। उसी प्रकार यदि उत्तर प्रदेश सरकार भी इस मशीन पर अनुदान प्रदान करें तो इससे उत्तर प्रदेश के किसानों को इसका लाभ मिल सकेगा। वही सुभाष काम्बोज ने मंत्री जी को मधुमक्खी पालकों को आ रही समस्याओं को हर तरह से अवगत करवाया और मधुमक्खी पालन में सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं की सराहना की।