एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। पढ़ाई से जहां बच्चों का बौद्धिक, सामाजिक व नैतिक विकास होता है, वहीं खेलों से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। इसी तथ्य के मद्देनजर हिंदू शिक्षा समिति व विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा 36 वें प्रांत स्तरीय कबड्डी व खो खो खेलों का आयोजन नंद लाल गीता विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तेपला (अंबाला) में किया गया। जिसमें हरियाणा प्रांत के चार संकुल कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक और तेपला की सहभागिता रही। इसी के अंतर्गत कुरुक्षेत्र संकुल से श्रीमद भगवत गीता प्राथमिक विद्यालय बाल घर के नन्हे बच्चों की अंडर- 11, खो-खो टीम में सहभागिता रही। जिसमें बच्चों ने प्रांत स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों एवं अन्य विद्यार्थियों के प्रोत्साहन हेतु शनिवार विद्यालय प्रांगण में प्रबंध समिति अध्यक्ष सतपाल शर्मा, प्रबंधक जीवन मौदगिल व प्रधानाचार्या चेतना वशिष्ठ द्वारा विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी के साथ ही प्रबंधक जीवन मौदगिल द्वारा बताया गया कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है और हमें इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए ताकि इन विद्यार्थियों की तरह प्रत्येक वर्ष अन्य विद्यार्थी भी सहभागी बन सकें। उन्होंने समस्त आचार्य परिवार विषकर खेल प्रमुख व शारीरिक आचार्या बीना जी व सोनिया को जीत के लिए शुभकामनाएं दी और भविष्य में इसी प्रकार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।