जग ज्योति दरबार में सावन के दूसरे सोमवार को महाकाल का आहवान कर हुआ पूजन अनुष्ठान
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। जग ज्योति दरबार में सावन के दूसरे सोमवार को नर्मदेश्वर महादेव शिवलिंग पर पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महंत राजेंद्र पुरी एवं अन्य संतों द्वारा किए जा रहे सर्व कल्याण की भावना के संकल्प के साथ निरंतर किए जा रहे सावन शिव अनुष्ठान एवं रुद्राभिषेक में श्रद्धालु बड़े भक्ति भाव से शामिल हुए। महंत राजेंद्र पुरी के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने नर्मदेश्वर महादेव शिवलिंग पर अभिषेक करने के उपरांत उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर विशेष आरती की। महंत राजेंद्र पुरी ने बताया कि यह आरती भगवान शिव को समर्पित है और इसमें भस्म आरती भी शामिल की जाती है। जग ज्योति दरबार में महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर होने वाली आरती में भगवान शिव को विशेष स्नान कराया गया और फिर उनकी विशेष पूजा-अर्चना की गई। महंत राजेंद्र पुरी ने बताया कि यह विशेष आरती सुबह 4 बजे शुरू हुई और इसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। सोमवार को नियमित पूजन व अनुष्ठान के अलावा भी महाकालेश्वर मंदिर की आरती की तर्ज पर अलग अलग समय की आरती भी हुई। उन्होंने अलग अलग समय की आरती का महत्व भी बताया। सोमवार को शिव भक्तों के लिए भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष अवसर रहा। ऐसे में दरबार में पूरा दिन वातावरण शिवमय बना रहा। महंत राजेंद्र पुरी ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है और इस महीने में पड़ने वाले सोमवार का विशेष महत्व होता है। इस दिन भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से सुख, शांति और समृद्धि मिलती है। इस अवसर पर मनप्रीत सिंह पटियाला, कार्तिक कुकरेजा यमुनानगर, सुनील कुमार चंडीगढ़, निर्मल, दुली चंद, राजेंद्र कुमार, मीना रानी, पार्वती देवी बरसाना पुंडरी, तेजा राम गांव शेखु पुरा, मंजीत सिंह, प्रमोद अरोड़ा, निशा अरोड़ा, कमलप्रीत सिंह, अजय राठी, विजय राठी एवं मनप्रीत सिंह इत्यादि मौजूद रहे।