एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र।संस्कृत भाषा पूरे विश्व में अपनी प्राचीनता, वैज्ञानिकता और शुद्धता के लिए जानी जाती है। संस्कृत भाषा में संपूर्ण प्राचीन ज्ञान विद्यमान है। संस्कृत भाषा के संवर्धन और प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष श्रावण मास में संस्कृत सप्ताह का आयोजन किया जाता है। विद्या भारती द्वारा संचालित गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्कृत सप्ताह का उद्घाटन हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नारायण सिंह और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के (आई•आई•एच•एस•) संस्कृत विभाग के अध्यक्ष डॉ• रामचंद्र ने दीप प्रज्वलित कर संस्कृत सप्ताह का विधिवत् उद्घाटन किया।प्रधानाचार्य नारायण सिंह जी ने अतिथि महानुभावों का परिचय करवाया और विद्यार्थियों को संस्कृत सप्ताह की महत्ता से अवगत करवाया ।वंदना के उपरांत छात्रों द्वारा संस्कृत भाषा में सुविचार,पञ्चांग, समाचार वाचन, सुभाषित ,नृत्य इत्यादि गतिविधियां प्रस्तुत की गई। कक्षा दसवीं के छात्रों ने वैदिक मंत्रों द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के (आई•आई•एच•एस•) संस्कृत विभाग के अध्यक्ष डॉ• रामचंद्र ने छात्रों को संस्कृत सप्ताह की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संस्कृत भाषा अत्यंत सरल एवं सरस भाषा है,स्वल्प अभ्यास से ही इसे सीखा जा सकता है। भारतीय जीवन मूल्यों को सीखने के लिए संस्कृत भाषा का ज्ञान आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा को सुनने ,पढ़ने,दैनिक जीवन में उपयोग करने और नित्य गीता का पाठ करने हेतु प्रेरित किया। संस्कृत आचार्य भूपेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को संस्कृत सप्ताह में आयोजित होने वाली रोचक गतिविधियों की जानकारी दी और अतिथि महानुभावों के प्रति आभार व्यक्त किया। शांति मंत्र और संस्कृत के जय घोष के साथ उद्घाटन सत्र संपन्न हुआ।