Home Chandigarh श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर कुरुक्षेत्र में होगा भव्य राज्य स्तरीय आयोजन – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर कुरुक्षेत्र में होगा भव्य राज्य स्तरीय आयोजन – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

by ND HINDUSTAN
0 comment

धर्म और मानवता की प्रेरणा बनेगा यह ऐतिहासिक कार्यक्रम

कार्यक्रम के आयोजन के लिए गठित राज्य स्तरीय कमेटी की मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक

मुख्यमंत्री ने फेसबुक पेज किया लॉन्च, कार्यक्रम के लिए हरियाणा सहित देश- विदेश के नागरिक दे सकते हैं ऑनलाइन सुझाव

एनडी हिन्दुस्तान

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर 25 नवंबर को जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में संगत भाग लेगी। यह कार्यक्रम न केवल गुरुओं को नमन करने का अवसर होगा, बल्कि यह श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, धर्म रक्षा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा।

इस आयोजन को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया है, जिसमें सिख समुदाय, संत समाज और विभिन्न धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को पंचकूला में इस कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने संबंधी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सिख समाज से आए प्रबुद्धजनों ने अपने सुझाव भी दिए।

*चार दिशाओं से निकाली जाएंगी शोभा यात्राएं*

मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और बलिदान के संदेश को आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के चारों कोनों से शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। पहली यात्रा डबवाली से शुरू होकर, रतिया, फतेहाबाद, सिरसा, धमतान साहिब, कैथल होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। दूसरी यात्रा लोहगढ़ से शुरू होगी, जो सढौरा, बिलासपुर, जगाधरी, यमुनानगर, रादौर व लाडवा होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। इसी प्रकार, तीसरी यात्रा  फरीदाबाद से प्रारंभ होकर गुरुग्राम, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल से होती हुई कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। चौथी यात्रा कालका से शुरू होकर पिंजौर, पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद से होती हुई कुरुक्षेत्र में समापन करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शोभा यात्राओं के साथ-साथ प्रदेशभर में एक माह तक श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित विविध आयोजन होंगे, जिनमें स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों के लिए सेमिनार, क्विज प्रतियोगिताएं, चित्रकला प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, संगोष्ठियों के साथ – साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

*श्री गुरु तेग बहादुर जी की धर्म और मानवता की रक्षा हेतु दी गई कुर्बानी विश्व इतिहास में अद्वितीय – मुख्यमंत्री*

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा धर्म और मानवता की रक्षा हेतु दी गई कुर्बानी विश्व इतिहास में अद्वितीय है। ऐसा उदाहरण हमें विश्व के किसी भी कोने में देखने को नहीं मिलता। यह हम सबका कर्तव्य है कि हम भावी पीढ़ी को अपने गुरुओं के बलिदान और त्याग से अवगत करवाएं, ताकि वे इतिहास को जानें, समझें और उससे सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं ने सदैव देश, समाज और धर्म की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति दी है। उनका इतिहास स्वर्णिम है और उसी परंपरा को आगे बढ़ाना हम सबका दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन के दौरान गुरु मर्यादा का पूरा पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए विशेष समितियाँ बनाई गई हैं, जिनमें सिख समाज के विद्वान, धर्मगुरु और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने प्रबुद्धजनों, सिख जत्थेबंदियों व संस्थाओं से आह्वान किया कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।

बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का विमोचन किया और साथ ही एक फेसबुक पेज भी लॉन्च किया, जिसके माध्यम से हरियाणा व देश-विदेश के नागरिक राज्य स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन संबंधी अपने सुझाव और विचार सांझा कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन राज्य सरकार की ओर से सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का पवित्र प्रयास है।

*श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस कार्यक्रम को राज्य स्तर पर मनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार – सरदार जगदीश सिंह झिंडा*

हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार जगदीश सिंह झिंडा ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार सिख समाज के हित में कल्याणकारी कदम उठा रही है और सिख इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। राज्य सरकार की यह पहल न केवल सिख समाज को गौरव की अनुभूति कराती है, बल्कि भावी पीढ़ियों को अपने धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास से जोड़ने का माध्यम भी बन रही है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि 25 नवंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सहित समस्त सिख समाज सरकार को पूरा सहयोग प्रदान करेगा।

बैठक में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिड्ढा, विधायक श्री भगवान दास कबीरपंथी, पूर्व मंत्री श्री मनीष ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में सिख जत्थेबंदियों व संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?