नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में देश में हो रहा चहुमुँखी विकास- श्याम सिंह राणा
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने सरस्वती खंड के गांव ऊंचा चांदना से भारत माता की जय के नारे के उद्घोष से तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया और देश के वीर जवानों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि दी। देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की याद एवं शहीदों को सम्मान देने के लिए हर वर्ष तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस तिरंगा यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ताओं सहित खंड के विभिन्न गांवों से आए युवा, महिला एवं पुरुष शामिल हुए। इस तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले, विशेषकर युवाओं में उमंग, उत्साह व जोश दिखाई पड़ रहा था। तिरंगा यात्रा का माहौल इतना उत्साहपूर्ण था कि हर कोई देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर लौटा। यह तिरंगा यात्रा ऊंचा चांदना से शुरू होकर गांव टोपरा कलां में सम्पन्न हुई।
हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमें स्वदेशी को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश हित के लिए निर्णय लेने में सक्षम हैं, उसे किसी दूसरे देश की सलाह की आवश्यकता नहीं है। भारत आज आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रहा है। इसलिए विश्व में देश को आगे बढ़ाने एवं विकसित बनाने के लिए हमें स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना होगा। मेक इन इण्यिा को मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को खरीदना होगा। दुनिया में हम विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की पहचान उसका झंडा होता है। विश्व के कई देशों में युद्ध की स्थिति उत्पन्न होने के कारण भारत ने बड़ी कूटनीति से न केवल अपने नागरिकों को युद्घग्रस्त देशों से निकाला है, बल्कि दूसरे देशों के नागरिकों ने भी भारत के तिरंगा झंडे को अपना आधार बनाकर इन देशों से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की नीति एवं दृढ़ नीति से देश मजबूत हुआ है और देश नरेन्द्र मोदी के शासन काल में हर दिशा में आगे बढ़ा है।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नेपाल सिंह राणा, भाजपा के सरस्वती मंडल के भाजपा मंडल अध्यक्ष हरदीप सैनी, भाजपा उप मंडल अध्यक्ष गोपाल, मंडल महामंत्री दीपक, चरण सिंह टोपरा, प्रवीण कुमार, रमेश कुमार सुरेश कुमार, विनोद कुमार, गुरमुख सिंह, विनोद अरोड़ा, सतपाल सैनी कुलवन्त भाटिया सहित काफी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी उपस्थित रहें।