गांव गंगायचा अहीर में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में पहुंची स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
गांव में पहुंचने पर स्वास्थ्य मंत्री सहित विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व डा.कृष्ण कुमार का हुआ अभिनंदन
एनडी हिन्दुस्तान
रेवाड़ी । हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि दक्षिण हरियाणा की केंद्र व प्रदेश सरकार में अतुलनीय भूमिका रही है और सरकार जनसेवा को समर्पित हो दक्षिणी हरियाणा के विकास पर पूरा फोकस कर रही है। हमारा उद्देश्य है कि हर वर्ग का उत्थान हो इसके लिए सरकार की ओर से जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभान्वित किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव रविवार की सुबह रेवाड़ी जिला के गांव गंगायचा अहीर में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रही थी। स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने सभी को गोगा नवमी के पावन अवसर पर शुभकामनाएं दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। धन्यवाद कार्यक्रम में रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल से विधायक डा.कृष्ण कुमार व भाजपा जिलाध्यक्ष डा.वंदना पोपली की गरिमामयी उपस्थिति रही। ग्रामीणों की ओर से अतिथिगण का जोरदार स्वागत किया और मान सम्मान की प्रतीक पगड़ी बांधकर सभी का अभिनंदन किया।
स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि देश व प्रदेश में तीसरी बार लगातार आपने भाजपा सरकार बनाने में सहभागी बनते हुए विकास की दिशा में सराहनीय कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि आपके सहयोग व स्नेह के चलते उनके पिता एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह तथा वे स्वयं पूरी जिम्मेवारी के साथ जनसेवा को समर्पित होकर कार्य करने में अपना दायित्व निरंतर निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटेली विधानसभा क्षेत्र से वे विधायक बनीं हैं लेकिन उसमें रेवाड़ी जिला के लोगों की अहम भागीदारी रही है, जिसके लिए वे आप सभी का धन्यवाद व्यक्त करने निरंतर रेवाड़ी जिला के लोगों के बीच पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह जहां केंद्र स्तर पर जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने में हमारा नेतृत्व कर रहे हैं वहीं वे हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते आमजन को बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करवाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सजग हैं। उन्होंने कहा कि मैं आपके सुख दुख में साथी बनने के लिए आपके साथ हर पल खड़ी हूं।
स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तारीकरण के लिए हरियाणा सरकार के माध्यम से लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। रेवाड़ी सहित पूरे प्रदेश में नागरिक अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं में सुधार किया जा रहा है वहीं अत्याधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों से अस्पतालों को परिपूर्ण किया जा रहा है। मेडिकल-पैरा मेडिकल स्टाफ के माध्यम से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्य किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री के रूप में आरती राव की कार्यशैली उल्लेखनीय : लक्ष्मण सिंह यादव
रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कुमारी आरती सिंह राव ने प्रदेश में चिकित्सा के क्रियान्वयन में एक अलग पहचान कायम की है। कम समय में बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने में सक्रियता रख रही कुमारी आरती सिंह राव ने आज समुचित विकास की विचारधारा के साथ काम करने का जो लक्ष्य रखा है वह जन सुविधा के रूप में अहम बन रहा है। उन्होंने गौरवांवित होते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में आरती सिंह राव की कार्यशैली उल्लेखनीय रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आज विकास का नया स्वरूप देखने को मिल रहा है। आधारभूत ढांचागत विकास के साथ ही चिकित्सा, शिक्षा, मजबूत सडक़ तंत्र, बिजली, पानी के साथ बेहतर इंफ्रांस्टक्चर दक्षिणी हरियाणा को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आपके द्वारा दिए जा रहे मान का वे भरपूर सम्मान रखेंगे।
हर वर्ग के हितों को सुरक्षित रखने में आरती सिंह राव का योगदान सराहनीय : डा.कृष्ण कुमार
बावल से विधायक डा.कृष्ण कुमार ने कहा कि आज दक्षिण हरियाणा विकास के दृष्टिकोण से अग्रणी बन रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जहां हरियाणा प्रदेश के लोगों की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है वहीं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी दक्षिणी हरियाणा के लोगों के सुख दुख के सहयोगी बनते हुए उनके साथ खड़े है। इतना ही नहीं अब प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव हर वर्ग के हितों को सुरक्षित रखते हुए विकासात्मक स्वरूप के साथ अपना सराहनीय योगदान निभा रही हैं।
यह रहे मौजूद :
इस अवसर पर विधायक रेवाड़ी लक्ष्मण सिंह यादव, बावल विधायक डा.कृष्ण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष डा.वंदना पोपली, जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव, वाइस चेयरपर्सन प्रतिनिधि अनिल यादव, गंगायचा अहीर की सरपंच पूजा, संजीव कुमार, गंगायचा जाट से मनीषा व शिशपाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण मौजूद रहे।