एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर डीएवी गर्ल्स कॉलेज की एनएसएस यूनिट, ट्रैफिक इंटरप्रोन्योरशिप सेल व रोड सेफ्टी क्लब की ओर से सडक सुरक्षा जागरूकता विषय पर एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन किया। ट्रैफिक एसएचओ कुशलपाल मुख्य वक्ता रहे। कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ सुरिंद्र कौर, एनएसएच इंचार्ज पारूल सिंह, ट्रैफिक इंटरप्रोन्योरशिप सेल के नोडल ऑफिसर परमेश कुमार, रोड सेफ्टी क्लब कनवीनर प्रिया ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मंच संचालन पंजाबी विभाग अध्यक्ष डॉ गुरशरन कौर ने किया।
कुशलपाल ने कहा कि यातायात के नियमों की पालना कर हम जिम्मेदार नागरिक होने के साथ-साथ देश के विकास में भागेदारी सुनिश्चित कर सकते है। देश में लगातार बढ़ते सड़क हादसों और उनमें होने वाली जनहानि को देखते हुए सड़क सुरक्षा आज एक गंभीर सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है। आंकडों के मुताबिक अधिकतर सड़क हादसों में 18 से 35 वर्ष के युवा शामिल होते हैं। भारत सड़क दुर्घटनाओं के मामले में दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहाँ हर वर्ष लाखों लोग हादसों का शिकार होते हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में हर साल लगभग डेढ लाख से अधिक लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में होती है और लाखों लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इनमें से अधिकांश हादसे लापरवाही, यातायात नियमों की अनदेखी, तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने और सड़क पर अनुशासनहीनता के कारण होते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति सचेत करना, सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है। सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी जीवन के लिए घातक साबित हो सकती है।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय पुलिस के डर से नहीं, बल्कि खुद की सुरक्षा के लिए हेल्मेट का प्रयोग करें। पुलिस को हमेशा अपना सहयोगी समझे और किसी भी दुर्घटना के समय महिला हेल्प लाइन नंबर व डायल 112 पर कॉल करें। मौके पर एसआई राम सिंह, एसआई नरेश कुमार व एसपीओ कुलदीप उपस्थित रहे।