एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। 23 सितम्बर 2025 मंगलवार को विद्या भारती की प्रेरणा से गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा ग्राम चुनिया फार्म में नए संस्कार केंद्र “आनंद संस्कार केंद्र” का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र हिन्दू शिक्षा समिति हरियाणा के अंतर्गत संगठित 201वां संस्कार केंद्र बना।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में चेतराम शर्मा उपाध्यक्ष, हिन्दू शिक्षा समिति एवं तरुण डोगरा विद्या भारती प्रांत सेवा संयोजक उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य नारायण सिंह ने अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया।एवं विद्यालय द्वारा संस्कार केंद्र चलाये जाने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का प्रारंभ हवन-यज्ञ से हुआ, जिसमें मुख्य यजमान विद्यालय संगीत आचार्या सविता सेठ और उनका परिवार रहा। सेठ परिवार ने संस्कार केंद्र के आर्थिक सहयोग का दायित्व भी अपने कंधों पर लिया।
हवन पश्चात मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर केंद्र का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि चेतराम शर्मा ने अपने आशीर्वचन में वर्तमान समय में संस्कार केंद्रों की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। प्रसाद वितरण एवं जलपान की व्यवस्था केंद्र संचालिका श्रीमती पलविंदर शर्मा द्वारा की गई। सारसा संस्कार केंद्र संचालिका कुमारी रूबी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रही। अंत में विद्यालय संस्कार केंद्र प्रभारी आचार्य अमित कुमार एवं आचार्या श्रीमती समता खुराना ने सभी अधिकारियों एवं अतिथियों का हार्दिक धन्यवाद किया।