वेंडिंग जोन व्यवस्थित व रेहड़ियों शिफ्ट करने को नगर निगम हायर करेगा एक्सपर्ट एजेंसी
टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में नगर निगम आयुक्त ने लिए महत्वपूर्ण निर्णय
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद की अध्यक्षता में वीरवार को टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीन महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिसमें नगर निगम क्षेत्र में आमजन की सुविधा के लिए वेंडिंग जोन व नॉन वेंडिंग जोन निर्धारित करने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी। जो सर्वे नियम अनुसार शहर में वेंडिंग जोन व नो वेंडिंग जोन बनाएंगे और नए वेंडिंग जोन बनाने के लिए जगह निर्धारित करेंगी। यह कमेटी 15 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। शहर के स्ट्रीट वेंडर्स की रि-वेरिफिकेशन की जाएगी। सबसे महत्वपूर्ण पंचकूला व मानेसर की तर्ज पर एक एक्सपर्ट एजेंसी हायर की जाएगी। जो वेंडिंग जोन की व्यवस्था कर, उनमें रेहड़ियों को शिफ्ट कर उनकी देखरेख करेगी।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडर्स की पहचान, स्ट्रीट वेंडिंग जोन, निर्धारित मापदंडों के आधार पर शहर में वेंडिंग और नॉन-वेंडिंग क्षेत्रों की पहचान करने और उन्हें अंतिम रूप देने की प्रक्रिया व यातायात प्रबंधन समेत विभिन्न प्रस्ताव रखे गए। टीएफआई गोपाल बक्शी ने बताया कि नगर निगम के प्रारंभिक सर्वे में 15613 स्ट्रीट वेंडरों की पहचान की गई है। उन्हें अनुशंसा पत्र (एलओआर) जारी किए गए हैं। 3895 स्ट्रीट वेंडर्स फल व सब्जी बेचने का काम करते है। लगभग 1700 वेंडर्स फास्ट फूड और बाकी विक्रेता अन्य कार्य करते है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 10690 वेंडर्स लोन ले चुके हैं। नगर निगम द्वारा सेक्टर 17 के पास, प्रकाश चौक व जब्बी वाला गुरुद्वारा के पास वेंडिंग जोन बनाए है। जिनमें लगभग 340 स्ट्रीट वेंडर्स ही शिफ्ट हो सकते है। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने इसके लिए नए वेंडिंग जोन बनाने के लिए निगम अधिकारियों को जगह देखने के निर्देश दिए। साथ ही कमेटी पदाधिकारियों से विचार विमर्श कर कई अहम निर्णय लिए। शहर में वेंडिंग जोन व नॉन वेंडिंग जोन बनाने, नए वेंडिंग जोन बनाने के लिए जगह निर्धारित करने के लिए कमेटी बनाई गई। जिसमें नगर निगम डीटीपी, संबंधित एटीपी, संबंधित सीएसआई, प्लानिंग एक्सपर्ट, टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य अमरजीत सिंह, सोनू देवी को शामिल किया गया। यह कमेटी नगर निगम क्षेत्र का सर्वे कर 15 दिन में रिपोर्ट तैयार करेंगी। पंचकूला व मानेसर की तर्ज पर एक एक्सपर्ट एजेंसी हायर की जाएगी। जो वेंडिंग जोन को व्यवस्थित तरीके से बनाकर उनमें स्ट्रीट वेंडर्स को शिफ्ट करेंगी। स्ट्रीट वेंडर्स की रि-वेरिफिकेशन की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, टीएफआई गोपाल बक्शी, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, यातायात थाना प्रभारी कुशल पाल, डीटीपी ऑफिस से मनिंद्र सिंह, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. राजेश कुमार, प्रवीन कुमार, एनजीओ गुरु हरकृष्ण एजूकेशन सोसायटी से अजिंद्र पाल सिंह, टाउन वेंडिंग कमेटी सदस्य बबलू, प्रकाश, अमरजीत सिंह, प्रिंस खुराना, सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।