एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने को भारतीय स्टेट बैंक द्वारा नगर निगम को दो लाख रुपये से अधिक राशि के डस्टबिन भेंट किए। भारतीय स्टेट बैंक मुख्य कार्यालय चंडीगढ़ के महाप्रबंधक नेटवर्क 2 नीरज भारती ने नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद से मुलाकात कर डस्टबिन के लिए दो लाख रुपये का चेक दिया। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने इस सराहनीय कार्य के लिए उनका व बैंक के अन्य अधिकारियों को आभार जताया और अन्य समाजसेवियों से भी इस तरह के सराहनीय कार्य करने की अपील की। भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक नीरज भारती ने कहा कि बैंक द्वारा समय -समय पर इस तरह की सामाजिक गतिविधियां की जा रही है। बैंक द्वारा की जाने वाली इस कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधि के तहत ही नगर निगम को दो लाख से अधिक राशि के डस्टबिन वितरित किए गए, ताकि लोग खुले में कचरा न डाले। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने शहरवासियों से आह्वान किया कि नगर निगम द्वारा बाजारों, सड़क किनारे व सार्वजनिक स्थानों पर सूखा व गीला कचरा अलग अलग डालने के लिए डस्टबिन लगाए है। बचे हुए स्थानों पर भी जल्द यह डस्टबिन लगाए जाएंगे। आमजन से अपील है कि वे खुले में कचरा न डालकर इन डस्टबिन का प्रयोग करें और अपने शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने में निगम का सहयोग करें। मौके पर नगर निगम के वरिष्ठ लेखाधिकारी कृष्ण जैन, भारतीय स्टेट बैंक पंचकुला जोन के उप प्रबंधक विवेक कुमार, मुकेश कुमार गुप्ता, मुख्य प्रबंधक तरसेम चंद, मुख्य प्रबंधक सतीश पाधरा, पवन कुमार समेत विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक मौजूद रहें।