एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। राजकीय महाविद्यालय घरौंडा के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आज दो महत्वपूर्ण विस्तार व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.)सुरेन्द्र कुमार नागिया ने की। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सुनीता चोपड़ा ने छात्राओं को संबोधित किया। पहले व्याख्यान का विषय ‘डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण’ करना रहा।
इस मौके पर डॉ. चोपड़ा ने बताया कि आज के डिजिटल युग में महिलाएं सोशल मीडिया, ऑनलाइन शिक्षा, ई-कॉमर्स और सरकारी डिजिटल योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने छात्राओं को डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग कर अपने कौशल को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
दूसरे व्याख्यान का विषय ‘छात्र जीवन में समय प्रबंधन की भूमिका’ रहा। इस सत्र में डॉ. चोपड़ा ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और प्राथमिकताओं के सही चयन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है।
इस मौके पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुरेन्द्र कुमार नागिया ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे व्याख्यान विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक रूप से बल्कि व्यक्तित्व विकास के स्तर पर भी लाभान्वित करते हैं। उन्होंने महिला प्रकोष्ठ के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की और भविष्य में भी ऐसे उपयोगी कार्यक्रमों के आयोजन का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका द्वारा किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉक्टर गुरनाम मलिक द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. गीता, डॉ. रेखा जांगड़ा, डॉ. गुरनाम सिंह मलिक, डॉ. देवेंद्र, डॉ. सुमन लता, डॉ. राकेश, डॉ. अतुल और डॉ. मनीला उपस्थित रहे ।