एनडी हिन्दुस्तान
चन्डीगढ़ । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि अर्बन डेवलपमेंट और मोबिलिटी कार्यक्रम शहरों के विकास के लिए समेकित मॉडल तैयार करते हैं, जो मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विजन 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नवाचार आधारित योजनाओं और आधुनिक शहरी सुविधाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों की जरूरतों के अनुसार मोबिलिटी विकल्प विकसित करना समय की मांग है। राज्य में ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट को शहरी योजना का मुख्य आधार बनाया जा रहा है। हरियाणा में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार गुरुग्राम, फरीदाबाद, बहादुरगढ़ और सोनीपत तक किया जा रहा है। आरआरटीएस और नमो भारत रेल प्रणाली दिल्ली, गुरुग्राम, करनाल और जेवर एयरपोर्ट को जोड़कर एक नया आर्थिक गलियारा तैयार करेगी।
सरकार इलेक्ट्रिक व सीएनजी बसों, ई-रिक्शा और साइकिल ट्रैक जैसी लास्ट माइल कनेक्टिविटी पर भी फोकस कर रही है। गुरुग्राम सहित 12 शहरों में आधुनिक सिटी बस सेवाएं शुरू की गई हैं और ईवी चार्जिंग नेटवर्क तेज़ी से बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में तीन मोबिलिटी संबंधित बुकलेट का विमोचन भी किया गया।