एनडी हिन्दुस्तान
चंडीगढ़। लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बरवाला में स्थाई सिविल कोर्ट की स्थापना पर गंभीरता से विचार हो रहा है और औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएंगी। इस विषय पर उन्होंने दो बार उच्चाधिकारियों से बात की है और निरीक्षण भी हो चुका है। गंगवा ने बताया कि मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में बरवाला, उकलाना और आसपास के क्षेत्र के लोगों की परेशानी पर जोर दिया गया है, क्योंकि उन्हें कानूनी कार्यवाही के लिए हिसार तक 45 से 65 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है।
बार एसोसिएशन बरवाला का प्रतिनिधिमंडल भी इस मांग को लेकर मिला था। सिविल कोर्ट खुलने से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, लंबित मामलों में कमी आएगी और न्यायिक प्रक्रिया तेज होगी। अदालतों में भीड़ कम होने के साथ कानूनी जागरूकता भी बढ़ेगी।